एशियन गेम्स 2026 में भारत का दबदबा, कबड्डी टीमों ने जीते मुकाबले

भारत ने एशियाई खेलों की कबड्डी स्पर्धा में अपना दबदबा कायम रखा और महिला तथा पुरूष टीमों ने बुधवार को अपने अपने ग्रुप मैच में क्रमश: ईरान और बांग्लादेश को हराया।खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय महिला टीम ने 2018 स्वर्ण पदक विजेता ईरान को दूसरे ग्रुप मैच में 37 . 23 से हराया । पुरूष टीम ने ग्रुप ए के तीसरे मैच में बांग्लादेश को 48 . 25 से मात दी ।
महिला कोच नीता डाडवे ने मैच के बाद कहा ,‘‘ हमने ईरान के खिलाफ काफी रणनीति बनाई थी । पहली बार हम दस से अधिक अंक से जीते हैं । इससे पहले सारे मुकाबले करीबी रहे हैं ।’’ यह पूछने पर कि भारत को कौन हरा सकता है, उन्होंने कहा ,‘‘ कोई नहीं । हम विश्व में नंबर एक हैं और यह हमारा खेल है । इसकी शुरूआत भारत में हुई । हमारे पास बेहतरीन खिलाड़ी, तकनीक, रफ्तार और दमखम के साथ आत्मविश्वास है ।’’
अगले मुकाबले में जापान से भिड़ेगी महिला टीम
इससे पहले भारतीय टीम ने शुरूआती मैच में बांग्लादेश को 42 . 21 से मात दी थी । अब भारत का सामना कल जापान से होगा । भारतीय पुरूष टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले ही हाफ में 29.9 की बढत बना ली थी । बांग्लादेश ने दूसरे हाफ में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन वापसी नहीं कर सके । पुरूष टीम ने इससे पहले जापान को 49 . 24 से और दक्षिण कोरिया को 63.31 से हराया था । पुरूष टीम अब चीनी ताइपै से खेलेगी । भारत की दोनों टीमों ने पिछली बार हांगझोउ खेलों में स्वर्ण पदक जीता था ।
खिताब बचाने उतरी हैं दोनों टीमें
भारत की पुरुष और महिला दोनों कबड्डी टीमें पिछले एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 2026 में भी दोनों टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। महिला टीम ने पहले मैच में बांग्लादेश को 42-21 से हराया था, जबकि पुरुष टीम ने जापान और दक्षिण कोरिया के बाद बांग्लादेश को भी शिकस्त दी। ग्रुप चरण के बाद शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।









