Popup Image

पहले युवराज से चर्चा, फिर रिकॉर्ड पारी; वैभव ने खोला सफलता का राज

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी रिकॉर्डतोड़ पारी के पीछे युवराज सिंह की सलाह को अहम बताया है। उन्होंने खुलासा किया कि पिछले कुछ मैचों में रन नहीं बनने से वह परेशान थे और इसी दौरान उन्होंने युवराज सिंह से बैटिंग को लेकर बात की थी। युवराज ने उन्हें तकनीकी गलतियों को सुधारने और क्रीज पर टिककर खेलने की सलाह दी थी।

Advertisement

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी शानदार पारी और उससे पहले हुई बातचीत के बारे में बताया। वैभव के मुताबिक, युवराज सिंह के साथ करीब 30 मिनट की बातचीत ने उनकी सोच और बल्लेबाजी में बदलाव लाने में मदद की।

सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ मंगलवार को 53 गेंदों में 204 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और 7 चौके लगाए। उनकी इस पारी ने क्रिकेट जगत में खूब चर्चा बटोरी।

Advertisement

रिकॉर्ड पारी से पहले पिता, कोच, दोस्त और युवराज से की थी बात

Advertisement

वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि मैच से पहले उन्होंने चार लोगों से बातचीत की थी। इनमें उनके पिता, बचपन के कोच मनीष ओझा, अंडर-19 में साथ खेलने वाले दोस्त प्रथम जाचक और युवराज सिंह शामिल थे। वैभव के मुताबिक, पिछले कुछ मैचों में बल्लेबाजी के दौरान उनका ध्यान बार-बार भटक रहा था। उन्होंने इस परेशानी के बारे में युवराज सिंह को बताया और उनसे मार्गदर्शन लिया।

युवराज सिंह ने दी 20 गेंद टिकने की सलाह

वैभव ने बताया कि युवराज सिंह ने उन्हें बल्लेबाजी से जुड़ी कई अहम बातें समझाईं। युवराज ने कहा था कि अगर वह शुरुआती 20 गेंद क्रीज पर टिककर खेल लेते हैं, तो इसके बाद उनका खेल और स्कोर दोनों बदल सकते हैं। युवराज ने उनकी तकनीकी गलतियों पर भी बात की और उन्हें सुधारने के तरीके बताए। वैभव ने बाद में अपने बल्लेबाजी वीडियो देखे, जिससे उन्हें अपनी कमियां समझने में मदद मिली।

वीडियो देखकर समझीं बल्लेबाजी की गलतियां

वैभव ने बताया कि युवराज सिंह की सलाह के बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के वीडियो देखे और उन गलतियों पर ध्यान दिया, जिनकी ओर युवराज ने इशारा किया था। मैच के दौरान उन्होंने उन सुझावों को अपनाने की कोशिश की और इसका फायदा भी मिला। उनके मुताबिक, युवराज सिंह ने जो एक-दो अहम बातें बताई थीं, उन्हें मैदान पर लागू करने का प्रयास किया।

लंबे फॉर्मेट की सोच से मैदान पर उतरे थे वैभव

वैभव ने यह भी बताया कि पिछली दो पारियों में वह लंबे फॉर्मेट के हिसाब से बल्लेबाजी कर रहे थे। UAE के खिलाफ मैच में भी शुरुआत में उनकी सोच उसी तरह की थी, लेकिन जब गेंद बल्ले पर अच्छी आने लगी तो उन्होंने शॉट खेलने शुरू किए और परिस्थितियों के अनुसार अपना खेल बदला।

बोले- तीनों फॉर्मेट में खेलने की क्षमता है

वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि वह केवल किसी एक फॉर्मेट के बल्लेबाज नहीं हैं। उनका मानना है कि वह जरूरत के अनुसार अपनी बल्लेबाजी शैली बदल सकते हैं और तीनों फॉर्मेट में खेलना चाहते हैं।

युवराज सिंह ने भी की वैभव की तारीफ

वैभव की रिकॉर्ड पारी के बाद युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ की। उन्होंने इसे शानदार और निडर बल्लेबाजी बताया। युवराज ने वैभव को मेहनत जारी रखने और क्रिकेट के सफर का आनंद लेने की सलाह देते हुए कहा कि उनके आगे अभी और भी बेहतरीन उपलब्धियां आने वाली हैं।

यह भी पढ़े: 68 गेंदों में ऐसा क्या कर दिया कि टूट गया भारतीय क्रिकेट का बड़ा रिकॉर्ड?

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें