दुबई में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर

महिला एशिया कप 2026 में आज, शनिवार 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाना है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी है और आज जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी। दूसरी ओर, पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह आसान करने के लिहाज से यह मैच बेहद अहम है।
कैसी होगी भारत-पाकिस्तान मैच की पिच
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच आमतौर पर अपनी धीमी प्रकृति के लिए जानी जाती है। मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को रन बनाने में थोड़ी आसानी होती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, पिच धीमी होती जाती है और स्पिनरों को टर्न और ग्रिप मिलने लगती है।
दुबई की धीमी होती पिच पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो जाता है। हालांकि, मौजूदा एशिया कप में अब तक खेले गए 7 मुकाबलों में से 6 मैचों में टॉस जीतने वाली टीमों ने पहले गेंदबाजी का विकल्प चुना है। ऐसे में आज भी टॉस जीतने वाली कप्तान पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है।
हेड-टू-हेड में टीम इंडिया का पलड़ा भारी
महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना अब तक 17 बार हुआ है। भारतीय टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 14 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को केवल 3 मैचों में सफलता मिली है। महिला टी20 एशिया कप की बात करें तो पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार 2022 में हराया था।
दोनों टीमों का स्क्वाड:
भारतीय महिला टीम : स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, गुनालन कमलिनी, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव।
पाकिस्तान महिला टीम: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, अयमान फातिमा, तूबा हसन, नाशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जबीना, मोमिना रियासत, ईमान नसीर, वहीदा अख्तर।









