होटल में ठहरे थे अंतरराज्यीय बदमाश पुलिस को नहीं दी सूचना, प्रकरण दर्ज

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल थाना पुलिस ने हरसिद्धि मंदिर मार्ग (कहारवाड़ी) स्थित मंगलम होटल के संचालक विजय कसेरा के खिलाफ कलेक्टर के आदेशों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। होटल संचालक पर आरोप है कि उसने अपने यहां ठहरने वाले बाहरी यात्रियों की अनिवार्य जानकारी संबंधित थाने को उपलब्ध नहीं करवाई थी जिसके चलते शहर में बड़ी वारदातें हुईं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सीसीटीवी ने खोला राज
पिछले दिनों शहर के नानाखेड़ा, माधवनगर और महाकाल थाना क्षेत्रों में दहशत का माहौल था। यहां कुछ अज्ञात बदमाशों ने खड़ी कारों के कांच फोड़कर उनमें रखे कीमती बैग चोरी करने की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस जब इन मामलों की पड़ताल में जुटी और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। वारदात करने वाले बदमाश तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश से आए थे और वे कहारवाड़ी स्थित होटल मंगलम में ठहरे हुए थे।
होटल में कमरा लेने के बाद वे दिनभर शहर में रेकी करते और रात में वारदातों को अंजाम देकर सुरक्षित होटल लौट जाते थे।सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्टर के स्पष्ट आदेश हैं कि सभी होटल, लॉज और धर्मशाला संचालकों को अपने यहाँ ठहरने वाले प्रत्येक यात्री का रिकॉर्ड और सूचना प्रतिदिन स्थानीय पुलिस थाने को देनी होगी। मंगलम होटल संचालक द्वारा इस नियम की अनदेखी की गई जिससे अंतरराज्यीय बदमाशों को शहर में छिपने की जगह मिल गई। पुलिस ने आरोपी संचालक के विरुद्ध प्रकरण कायम किया।









