महाकाल की तर्ज पर 50 करोड़ रुपए से सुंदर होगा कालभैरव मंदिर

By AV NEWS

सिंहस्थ योजनाओं पर आज बड़ी बैठक

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। स्मार्ट सिटी योजना के तहत सिंहस्थ 2028 के लिए साकार होने वाली योजनाओं को लेकर आज स्मार्ट सिटी मिशन की बड़ी बैठक सिंहस्थ मेला कार्यालय में होगी। इसमें महाकाल मंदिर की तर्ज पर कालभैरव मंदिर के विकास के लिए 50 करोड़ रुपए और हरसिद्धि मंदिर के लिए करीब 25 करोड़ रूपए की प्रस्तावित योजना पर मंथन होगा। योजना के तहत अब तक की सभी योजनाओं पर भी मंथन होगा।

भारत सरकार के ज्वाइंट डायरेक्टर और स्मार्ट सिटीज मिशन के डायरेक्टर कुणाल कुमार आज देश की सभी स्मार्ट सिटीज की योजनाओं को लेकर मीटिंग करेंगे। इस क्रम में उज्जैन स्मार्ट सिटी का नंबर अपराह्न 3.30 बजे से शुरू होगा। यह मीटिंग सिंहस्थ 2028 के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें अब तक की सभी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी और नई योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। महाकाल नगरी उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

सिंहस्थ से पहले मंदिरों का कायाकल्प किया जाना है। कालभैरव मंदिर के लिए स्मार्ट सिटीज ने 50 करोड़ रुपए की योजना तैयार की है। इस राशि से मंदिर का विकास महाकाल मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा। शहर से करीब 6 किमी दूर स्थित कालभैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

परिसर में फूड प्लाजा बनाया जाएगा। शिप्रा नदी पर बने घाट का रिनोवेशन कर मंदिर दर्शन के लिए रूट डायवर्सन किया जाएगा। मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालु और वाहन चालक अभी एक ही सड़क से होकर आजे-जाते हैं। मंदिर के पास से डायवर्ट कर बायपास से जोड़ा जाएगा। ताकि, आम वाहन चालक वहां से जा सकें। वाहन पार्किंग, बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। स्टील की रैलिंग लगाई जाएगी और प्रोटोकाल गेट अलग बनाया जाएगा ताकि, श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकें। मंदिर के सामने दर्शनार्थियों के लिए डोम बनाया जा रहा है। हरसिद्धि मंदिर के लिए प्रस्तावित योजना पर भी निर्णय लिए जाएंगे।

सवारी मार्ग की योजना पर मंथन

महाकाल सवारी मार्ग को भी सुंदर बनाने की योजना है। इसके तहत पूरा मार्ग एक जैसे रंग का होगा। सड़क किनारे सुंदर लाइटिंग होगी। इसकी योजना पर भी मीटिंग में अहम फैसला किया जा सकता है। इसकी योजना ने आ रही रुकावटों को दूर किया जाएगा।

ये हैं मिशन डायरेक्टर

स्मार्ट सिटीज के डायरेक्टर कुणाल कुमार (आईएएस) वर्तमान में भारत सरकार के आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय में संयुक्त सचिव हैं। वे लगभग 4 वर्षों तक महाराष्ट्र के पुणे नगर निगम में नगर आयुक्त थे। उन्होंने महाराष्ट्र के कई शहरों में काम किया है। श्री कुमार ने भंडारा, जलगाँव और औरंगाबाद के तीन जिलों में जिला कलेक्टर के रूप में काम किया है और कोल्हापुर नगर निगम में नगर आयुक्त के रूप में भी काम किया है। आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्र हैं और उन्होंने हार्वर्ड केनेडी स्कूल, कैम्ब्रिज, यूएसए के साथ संयुक्त रूप से नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ़ सिंगापुर से पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स पूरा किया है।

Share This Article