पार्टी से फंड नहीं मिलने पर कांग्रेस कैंडिडेट ने नाम लिया वापस

कांग्रेस की एक और प्रत्याशी ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। दरअसल ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुचारिता मोहंती ने आर्थिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले लिया है। इससे पहले इंदौर के कांग्रेस प्रत्याशी ने भी नामांकन के बाद अपना नाम वापस ले लिया था। वहीं सूरत लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया था।
सुचारिता मोहंती ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को इस संबंध में चिट्ठी लिखकर अपने फैसले से अवगत करा दिया है. लोकसभा चुनाव की उम्मीदवारी का टिकट लौटाते हुए पुरी से कांग्रेस उम्मीदवार सुचारिता मोहंती ने संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को लिखी चिट्ठी में कहा कि चुनाव लड़ने के लिए उन्हें पार्टी की तरफ से मिलने वाली राशि नहीं दी गई है. पैसे न मिलने की वजह से वह चुनाव प्रचार नहीं कर पा रही हैं. पुरी लोकसभा सीट पर 25 मई को मतदान होना है, उससे पहले ही कांग्रेस को यह झटका लगा है.









