सोशल मीडिया दोस्ती, 50 से ज्यादा महिलाओं के वीडियो रिकॉर्ड करने वाला गिरफ्तार

अक्षरविव न्यूज ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से दोस्ती कर उनकी निजी वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल से 50 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। इनमें अलग-अलग शहरों की महिलाएं शामिल हैं। पुलिस एएसआई, डॉक्टर और साध्वी के भी रिकॉर्डिंग में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
आरोपी की पहचान सिटी सेंटर के सारिका नगर निवासी 40 वर्षीय योगेश गुप्ता के रूप में हुई है। वह पानी का प्लांट चलाता है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह सोशल मीडिया के जरिए 40 से 50 वर्ष की विधवा, तलाकशुदा और अविवाहित महिलाओं से संपर्क करता था। वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन रिकॉर्डर एप के जरिए उनकी रिकॉर्डिंग करने का आरोप है।
सनातन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती शुक्ला और सदस्य मुकेश शर्मा को एक महिला कार्यकर्ता ने योगेश की गतिविधियों की जानकारी दी थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उसे मुलाकात के बहाने बुलाया और पकड़कर मोबाइल की जांच की। वीडियो मिलने के बाद उसे विश्वविद्यालय पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी स्क्रीन रिकॉर्डर के अलावा स्पाई कैमरे का भी इस्तेमाल करता था। उसके मोबाइल और लैपटॉप से मिले डेटा की जांच की जा रही है। पुलिस संपर्क नंबरों के आधार पर संबंधित महिलाओं से संपर्क कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि रिकॉर्डिंग के बाद किसी महिला पर दबाव बनाया गया या ब्लैकमेल कर पैसे की मांग की गई।
झांसी की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सहमति दी है। उसके ग्वालियर पहुंचने के बाद पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज कर सकती है।








