Maruti Victoris vs Toyota Hyryder: माइलेज और फीचर्स में कौन सी SUV है बेहतर? जानें पूरी तुलना

भारत में मिड साइज SUV सेगमेंट का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। ग्राहकों की बढ़ती मांग को देखते हुए मारुति सुजुकी ने हाल ही में अपनी नई SUV Victoris लॉन्च की है जो सीधे टोयोटा अर्बन क्रूजर Hyryder को चुनौती देती है। दोनों मॉडल्स में दमदार इंजन, आधुनिक फीचर्स और हाइब्रिड टेक्नोलॉजी मिलती है। अगर आप नई SUV खरीदने की योजना बना रहे हैं तो यह तुलना आपके काम आ सकती है।

इंजन और परफॉर्मेंस — दोनों में 1.5 लीटर का दम
मारुति विक्टर्स में 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 75.8 kW की पावर और 139 Nm का टॉर्क पैदा करता है। कंपनी इसे स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और CNG विकल्पों के साथ भी पेश कर रही है जिससे ग्राहकों को ज्यादा विकल्प मिलते हैं। वहीं Toyota Hyryder में भी 1.5 लीटर इंजन है जो 92.45 PS की पावर और 122 से 136 Nm तक का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन विकल्प उपलब्ध हैं।
माइलेज के मामले में कौन आगे?
Toyota Hyryder की सबसे बड़ी ताकत उसका माइलेज है। कंपनी के अनुसार यह SUV करीब 19.39 kmpl से लेकर लगभग 28 kmpl तक की ईंधन दक्षता देने में सक्षम है। मारुति विक्टर्स भी हाइब्रिड और CNG विकल्पों के साथ बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी देती है लेकिन माइलेज के मामले में Hyryder की बढ़त बनी हुई है।
मारुति विक्टर्स के खास फीचर्स
नई विक्टर्स में कई प्रीमियम और आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इसमें LED हेडलाइट्स, LED DRL, कनेक्टेड टेललाइट्स, शार्क फिन एंटीना और 26.03 सेमी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। इसके अलावा डॉल्बी एटमॉस साउंड सिस्टम, जेस्चर कंट्रोल टेलगेट, एंबिएंट लाइटिंग, Alexa Auto वॉइस असिस्टेंट, 35 से अधिक कनेक्टेड फीचर्स, पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड सीट्स जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। ब्लैक, ग्रे और सिल्वर रंगों का संयोजन इसे एक प्रीमियम इंटीरियर लुक देता है।
Toyota Hyryder में क्या मिलता है खास?
Toyota Hyryder भी फीचर्स के मामले में पीछे नहीं है। इसमें प्रोजेक्टर LED हेडलाइट्स, LED DRL, ऑटो हेडलाइट्स, LED टेललैंप और रूफ रेल्स दी गई हैं। केबिन में 9 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, Apple CarPlay, Android Auto, Arkamys ऑडियो सिस्टम, 7 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और हेड-अप डिस्प्ले मिलता है। वायरलेस चार्जर, पैनोरमिक सनरूफ, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर AC वेंट्स, वेंटिलेटेड सीट्स, PM 2.5 एयर फिल्टर और की-लेस एंट्री जैसी सुविधाएं भी इसे आकर्षक बनाती हैं।
कीमत में कितना अंतर?
कीमत के मोर्चे पर मारुति विक्टर्स की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.50 लाख रुपए है जबकि टॉप वेरिएंट 19.99 लाख रुपए तक जाता है। Toyota Hyryder की शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपए है और इसका टॉप वेरिएंट भी 19.99 लाख रुपए तक है। कीमत के लिहाज से विक्टर्स थोड़ी किफायती विकल्प बनकर सामने आती है।
किसे खरीदना रहेगा बेहतर?
अगर आप आधुनिक कनेक्टेड फीचर्स, CNG विकल्प और थोड़ी कम शुरुआती कीमत चाहते हैं तो मारुति विक्टर्स आपके लिए बेहतर विकल्प है। वहीं अगर बेहतर माइलेज, Toyota की ब्रांड वैल्यू और लंबे समय से स्थापित हाइब्रिड टेक्नोलॉजी आपकी प्राथमिकता है तो Toyota Hyryder पर विचार किया जा सकता है।









