आधी रात शास्त्रीनगर में असामाजिक तत्वों का उत्पात, अभिभाषक की कार के कांच फोड़े

सीसीटीवी में कैद हुए पुलिस को सौंपे फुटेज

अक्षरविश्व न्यूज
उज्जैन। नीलगंगा क्षेत्र की शास्त्रीनगर कॉलोनी में शुक्रवार रात 11:39 बजे मुंह पर कपड़ा बांधकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने अभिभाषक के घर के बाहर खड़ी उनकी कार के कांच फोड़ दिए और भाग निकले। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फरियादी ने शनिवार को नीलगंगा थाने में प्रकरण दर्ज करवाते हुए सीसीटीवी फुटेज सौंपे हैं।
शास्त्रीनगर में रहने वाले वरिष्ठ अभिभाषक कमलसिंह राठौर ने बताया कि शुक्रवार रात को उनकी अर्टिगा कार क्रमांक एमपी 13 जेडबी 4823 घर के बाहर खड़ी की थी। रात में दो अज्ञात लडक़े आए और पत्थर मारकर दोनों साइड के दरवाजों और पीछे का कांच फोडक़र फरार हो गए। यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में कमलसिंह राठौर ने नीलगंगा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस तलाश में जुटी है।
बाइक से आए थे
घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई हंै। इसमें दो बदमाश बाइक से आते हैं, उन्होंने गली में बाइक खड़ी की और फिर पत्थर से कार के कांच फोडक़र रफूचक्कर हो गए। दोनों ने चेहरे पर कपड़ा भी बांध रखा था। फरियादी कमल सिंह राठौर के पुत्र अर्जुन ने बताया कि कॉलोनी में दूसरी कारें भी रखी थीं लेकिन उन्होंने हमारी ही कार के कांच फोड़े। इससे ऐसा लगता है यह वारदात जानबूझकर की गई।








