MP Assembly Election 2023: मध्यप्रदेश में वोटिंग खत्म

मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर रिकॉर्ड 76.22 फीसदी वोटिंग हुई है। ये आंकड़ा पिछले चुनाव से ज्यादा है। 2018 के चुनाव में 75.63% वोटिंग हुई थी।
इस चुनाव में सबसे ज्यादा 85.68% वोटिंग सिवनी जिले में हुई है। वहीं सबसे कम आलीराजपुर जिले में 60.10% वोट पड़े। कम वोटिंग वाले जिलों में भिंड (63.27%), भोपाल (66%) और रीवा (66.85%) शामिल हैं। रतलाम जिले की सैलाना सीट पर सबसे ज्यादा 90% वोटिंग हुई। आलीराजपुर जिले की जोबट सीट पर सबसे कम 54.04% वोट डाले गए।
शुक्रवार को मतदान के बाद मतदान दलों की दी जानकारी के आधार पर मत प्रतिशत अपडेट होता रहा। रात करीब सवा 11 बजे तक आए वोटिंग के रुझान के मुताबिक प्रदेश में 76.22 प्रतिशत वोट डाले गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन का कहना है कि यह लगभग फाइनल वोटिंग प्रतिशत है। इसमें मामूली बदलाव की स्थिति बन सकती है। इस चुनाव में प्रदेश में कहीं भी मतदान दलों की वापसी के दौरान या मतदान के दौरान अप्रिय घटना नहीं हुई है।
भोपाल में मतदान केंद्र हिंद कॉन्वेंट स्कूल में विवाद का एक वीडियो सामने आया। जिसमें मंत्री विश्वास सारंग युवक पर हाथ उठाते हुए नजर आए। इंदौर-4 विधानसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। वीडियो में भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह भी मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
छतरपुर के राजनगर में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा की गाड़ी चला रहे पार्षद की कुचलने से मौत हो गई। इस मामले में बीजेपी प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित उनके 18-20 साथियों पर केस दर्ज किया गया है।
उज्जैन और खरगोन में हार्ट अटैक से एक-एक वोटर की, तो रायसेन के सिलवानी में पुलिसकर्मी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। हरदा में पोलिंग बूथ पर करंट से एक युवक की जान चली गई। इंदौर के महू में भाजपा कार्यकर्ता ने कांग्रेसियों पर तलवार से हमला कर दिया। छिंदवाड़ा में बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद नकुलनाथ को भाजपाइयों ने रोक दिया। इस पर हंगामा हो गया। मुरैना जिले के दिमनी के एक मतदान केंद्र पर फायरिंग हो गई।