MP: एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी

मऊगंज। जिले के गडरा गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। गांव में एक ही घर से एक पुरुष और उसके दो बच्चों के शव फंदे से लटके हुए मिले। मृतकों की पहचान औसेरी साकेत, उसकी 11 वर्षीय बेटी मीनाक्षी और 8 वर्षीय बेटे अमन के रूप में हुई है। तीनों शव औसेरी साकेत के ही घर से बरामद किए गए हैं।

पड़ोसियों को बदबू आने पर हुआ खुलासा
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पड़ोसियों ने घर से दुर्गंध महसूस की। खिड़की से झांकने पर जब कोई हलचल नहीं दिखी और दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलने पर तीनों शव फंदे से लटके मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय कुमार जैन और एसपी दिलीप कुमार सोनी ने भी घटनास्थल का दौरा किया।
मानसिक तनाव बना आत्महत्या का कारण
रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत ने बताया कि औसेरी की पहली पत्नी की मृत्यु के बाद वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था, लेकिन दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे। पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव ने औसेरी को बुरी तरह प्रभावित किया था। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच तलाक की नौबत भी आ गई थी, जिससे वह और ज्यादा तनाव में रहने लगा था।
पुलिस जुटी जांच में
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला पूरी तरह आत्महत्या का है या इसमें किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता भी है।









