नवविवाहिता हत्याकांड का पर्दाफाश… पति ही निकला हत्यारा, घर से पकड़ाया, जेल भेजा

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। न्यू अशोकनगर में रहने वाली 31 वर्षीय निर्मला वर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का खुलासा हुआ है। पति ने ही गला दबाकर उसकी हत्या की थी जिसके बाद नीलगंगा पुलिस ने हत्यारे पति को उसके ही घर से पकड़ा और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

दरअसल, 15 मार्च को न्यू अशोकनगर निवासी 31 वर्षीय निर्मला वर्मा का शव घर के बाथरूम में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था। पति माया पिता अर्जुन पुरी निवासी ग्राम भमावद जिला गुना हालमुकाम न्यू अशोकनगर ने पुलिस को बताया था कि पत्नी ने नाराज होकर आत्महत्या की है। नीलगंगा पुलिस ने मर्ग कायम जांच शुरू की।
इसके बाद सीएसपी दीपिका शिंदे और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। इस बीच जांच में पता चला कि निर्मला ने आरोपी माया पुरी के साथ लव मैरिज की थी। शादी के बाद माया पुरी अंतरजातीय विवाह योजना की राशि को लेकर लगातार विवाद और मारपीट कर रहा था। इसकी पुष्टि चिमनगंज थान में पहले से दर्ज रिपोर्ट और वन स्टॉप सेंटर में हुई काउंसलिंग से हुई। इससे स्पष्ट हुआ कि पति द्वारा बताई गई आत्महत्या की कहानी झूठी है।
पीएम रिपोर्ट में सच सामने आया
पीएम रिपोर्ट में सामने आया कि गले पर बाहरी दबाव पडऩे के कारण गले की कंठ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ और अन्य चोट भी पाई गई जो हत्या की ओर इशारा कर रही थी। पुष्टि होने के बाद नीलगंगा पुलिस ने आरोपी माया पुरी को उसके घर से पकड़ा और कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।









