अब 2 जून से कहारवाड़ी से गुदरी मार्ग होगा वन-वे

वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने पर होगी सख्ती

जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
उज्जैन। पुराने शहर में बार-बार लगने वाले जाम और शहर के बिगड़े यातायात को ठीक करने का काम शुरू होने वाला है। इसके तहत 2 जून से चौबीस खंबा माता मंदिर- हरसिद्धि पाल और गुदरी चौराहा- कहारवाड़ी मार्ग सुबह 9 से रात 10 बजे तक वन-वे रहेगा। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक संकुल भवन सभाकक्ष में कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक ली। इसमें विभागीय अफसरों को निर्देश दिए गए।
यह भी दिए निर्देश
मुख्य मार्ग पर अनाधिकृत कट तत्काल बंद किए जाएंगे। एनएचएआई और एमपीआरडीसी यह काम करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्र के खराब मार्गों की मरम्मत पीएमजीएसवाय करेगा। वह हर मार्ग पर संकेतक लगाएगा।
सडक़ों के आसपास की झाडिय़ों टहनियों को हटाया जाएगा।
ऐसी रपट और पुलियाएं जहां बारिश का पानी ऊपर से बहता है वहा चेतावनी के साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
मोबाइल फोन का उपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
ब्लैक स्पॉट के आसपास चेतावनी संकेतक अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे।
आरटीओ वाहनों की फिटनेस और इंश्योरेंस से संबंधित जानकारी पोर्टल पर अपडेट करेंगे। विशेषत: स्कूल बसों और अन्य भारी वाहनों की फिटनेस की नियमित रूप से जांच की जाएगी।
सडक़ दुर्घटना के घायलों की मदद करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।
श्री महाकालेश्वर और कालभैरव मंदिर के आसपास ट्रैफिक सुधार पर जोर दिया जाएगा।
शहर के भीतर शाम के समय सडक़ पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।









