लिफ्ट देने के बहाने आदिवासी महिला से तालाब किनारे किया दुष्कर्म, चप्पलों से जमकर पिटाई

आरोपी आटा चक्की संचालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आगर रोड स्थित ढाबला रेहवारी में तालाब किनारे महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को मंगलवार शाम आसपास मौजूद लोगों ने दबोच लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आरोपी ने महिला को मोटरसाइकिल पर लिफ्ट देने के बहाने बैठाया और इसके बाद उसे बरगलाकर रेहवारी तालाब तक ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी का नाम मोहम्मद सेफू उर्फ सेफी पिता मंजूर एहमद (45) निवासी घट्टिया है। वह आटा चक्की चलाता है।
मंगलवार की शाम वह उज्जैन से घट्टिया की ओर जा रहा था। आगर रोड पर लगभग 50 वर्षीय महिला उसे मिली, छोटी मायापुरी में रहने वाली आदिवासी महिला का नाती पानबिहार छात्रावास में रहता है। महिला उसी से मिलने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। सेफू ने उसे अकेला देखा और बाइक रोककर पूछ कि कहां जाना है। सेफू ने महिला को बताया कि मुझे भी पानबिहार तक जाना है, आप मेरी बाइक पर बैठ जाइए। रास्ते में उसने महिला को बरगलाया और उसे रेहवारी तालाब की ओर ले गया।
यहां झाडिय़ों में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच कुछ लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस को इसकी सूचना दे दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें महिला आरोपी को चप्पल से पीटती दिखाई दे रही है। घट्टिया थाने पहुंचकर महिला ने आपबीती पुलिस अधिकारियों को बताई, इसके बाद आरोपी सेफू उर्फ शफी एहमद के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज किया है।
हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता पहुंचे थाने
आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म की सूचना मिलने पर मंगलवार शाम हिंदूवादी संगठन से जुड़े कई लोग घट्टिया थाने के बाहर एकत्रित हो गए थे। इन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात की और आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज करने की मांग रखी। इनकी मांग के बाद दुष्कर्म से जुड़े प्रकरण में अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी गई।
महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष पीडि़ता ने जो भी बयान दर्ज कराए है, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह भी स्पष्ट है कि आरोपी धोखे से महिला को रेहवारी तक ले गया था। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
करण खोवाल, थाना प्रभारी घटिटया









