रेलवे के प्रभारी जीएम ने देखे सिंहस्थ के काम, फिर निर्देश देकर लौट गए

उज्जैन। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (प्रभारी) प्रदीप कुमार बुधवार को सिंहस्थ 2028 के लिए चल रहे कामों का रिव्यू करने पहुंचे। उन्होंने पहले रेलवे क्षेत्र में प्रस्तावित व चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए पंवासा, मोहनपुरा, विक्रमनगर, चिंतामन गणेश, शिप्रा ब्रिज तथा नईखेड़ी स्टेशन पर चल रहे कामों का जायजा लेकर समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश देकर लौट गए।

जीएम ने क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति एवं मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ मुलाकात भी की। मीडिया से उन्होंने कहा सिंहस्थ संबंधित काम को प्राथमिकता से किया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर काम किए जा रहे हैं और नियमित अंतराल पर बैठक भी ली जा रही है। आपको बता दें जीएम मंगलवार की जगह बुधवार को पहुंचे। तडक़े बाबा महाकाल की भस्मार्ती में शामिल हुए, फिर नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी के दर्शन किए। हालांकि, उनका यह दौरा महज औपचारिक रहा।









