पिपलई टोल पर लट्ठ चले, यात्रियों को पीटा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन-झालावाड़ रोड पर शनिवार की रात टोल कर्मियों और एक बस में सवार यात्रियों के बीच मारपीट की घटना हो गई है। टोल पर खूब हंगामा हुआ और लट्ठ तक चल गए। घटना के बाद पुलिस एक्शन में आई और दो टोलकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
यह वाकया रात करीब 9 बजे का है। उज्जैन से आगर के बीच चलने वाली मालवा ट्रैवल्स की बस ड्राइवर टोल पर बस लेकर पहुंचा था। जैथल के नजदीक पिपलई टोल पर ड्राइवर ने एक खाली लेन देखकर बस उसमें डाल दी। इस लेन में टोल के कुछ कर्मचारी अलाव ताप रहे थे। ड्राइवर ने उन्हें अलाव रास्ते से हटाने के लिए कहा। इसी बात पर टोलकर्मियों और ड्राइवर के बीच कहासुनी हो गई।
बस में सवार कुछ युवकों ने भी टोलकर्मियों को देरी का हवाला देकर समझाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी विवाद हो गया। टोल के कई सारे कर्मचारी लकडिय़ां निकाल लाए और यात्रियों को पीटना शुरू कर दिया। बस में महिला यात्री भी सवार थीं, जो काफी सहम गई थी। करीब 20 मिनट तक यह हंगामा चलता रहा। इस वाकये के बाद बस चालक रवाना हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर रविवार सुबह टोलकर्मी आशु और रवि को गिरफ्तार कर लिया है।









