पेट्रोल खत्म होने की अफवाह : ‘पांच’ परेशानियों से ‘पंपों’ पर कतार

पर्याप्त पेट्रोल-डीजल के स्टॉक के बावजूद बीती रात से पैनिक खरीदी, प्रशासन की परेशानी बढ़ी

उज्जैन। मंगलवार शाम तक सब कुछ ठीक था, पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तरह ही लोग गाडिय़ों में पेट्रोल और डीजल भरवा रहे थे। सबसे पहले देवास से खबरें आई कि वहां के पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया है। यहां से अफवाहें चली तो इंदौर और उज्जैन में पेट्रोल पंप पर लोगों की कतार लगना शुरू हो गई।
हालात ऐसे बने कि चंद घंटों में ही खपत कई गुना तक बढ़ गई और रात 10 बजे तक दोनों ही जिलों में कई पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया, पंप की बत्तियां बुझा दी गईं, ताले डाल दिए गए। प्रशासन से जुड़े सभी अधिकारी सफाई देते रहे कि जिले में पर्याप्त मात्रा में डीजल पेट्रोल उपलब्ध है लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। बुधवार सुबह भी इसी तरह के हालात रहे। शहर में कई पंप बंद रहे। जिन पंप पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध था वहां लंबी कतारें नजर आईं।
इन वजहों से पैदा हुए हालात
1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के दोनों सदनों में खाड़ी युद्ध पर चिंता जताते हुए आने वाली परिस्थितियों से देश के नागरिकों को संयमित रहने को कहा था। लोगों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन के अपने हिसाब से अर्थ निकाल लिए। कुछ तत्वों ने इसमें अफवाह फैलाने का भी काम किया।
2. मालवा के सभी जिलों में तीन टर्मिनल से पेट्रोल-डीजल सप्लाय होता है। बीपीसीएल और एचपीसीएल कंपनी का टर्मिनल इंदौर के मांगलिया में है, जबकि आईओसीएल कंपनी का टर्मिनल रतलाम जिले के बांगरोद में है। इनमें से एमांगलिया का एचपीसीएल का टर्मिनल मेंटेनेंस की वजह से सोमवार को बंद था। इस टर्मिनल से जुड़े पंप पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति 24 घंटे बाधित रही यानी सीधे तौर पर एक तिहाई पंप पर खपत तो होती रही लेकिन नया माल नहीं पहुंच पाया, इससे कुछ जगहों पर किल्लत हुई।
3. बीपीसीएल कंपनी के एक निर्णय ने भी आग में घी का काम किया। इस कंपनी ने हाल ही में निर्णय लिया है कि कंपनी से जुड़े सभी पेट्रोल पंप डीलर को अब पेट्रोल-डीजल की बुकिंग एडवांस पेमेंट देकर करवाना होगी। इसके अलावा नया माल लेने से पहले डीलरों को पुरानी उधारी चुकाना होगी। इससे भी कई पंप वाले पेट्रोल-डीजल के टैंकर नहीं मंगवा सके।
4. एक टर्मिनल पर मेंटेनेंस, दूसरे पर उधारी का रट्टा, बचा तीसरा मांगलिया का आईओसीएल का टर्मिनल। यहां डीलरों से लगातार नए ऑर्डर आते रहे लेकिन ऑर्डर की तुलना में इतनी क्षमता से डीजल-पेट्रोल पहुंचाने के लिए टैंकर्स ही कम पड़ गए। जिन डीलरों के पास टैंकर हैं उनके पंप चालू रहे बाकि डीलर टैंकर वालों के भरोसे बैठे रहे।
5. रसोई गैस सिलेंडर के मामले में जैसे पैनिक बुकिंग की वजह से बुकिंग लाइन क्रैश हो गई थी, ठीक वैसे ही हालात पेट्रोल-डीजल के मामले में भी बने। यहां भी एकाएक खपत कई गुना तक बढ़ गई। जिसे १०० रुपए के पेट्रोल की जरूरत थी वह भी 500 का पेट्रोल डलवा रहा था। इससे डिमांड और सप्लाय का संतुलन बिगड़ गया।
आप भारत में हो
पेट्रोल पंप पर लंबी कतार में लगे लोगों को देर रात तक पुलिस की टीमें भी समझाइश देती रहीं। पुलिसकर्मी समझाते रहे कि पैनिक मत कीजिए। पेट्रोल व डीजल लगातार मिलता रहेगा। सोशल मीडिया पर महाकाल थाने के एक पुलिसकर्मी का ऐसा ही वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियों में पुलिसकर्मी आम लोगों को समझा रहा है कि आप भारत में रहते हैं, पाकिस्तान में नहीं। यहां किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। सुबह आएंगे, शाम को आएंगे, जब भी आएंगे पेट्रोल मिलेगा।
आम लोगों के लिए खुले हैं पंप, जमाखोरों के लिए नहीं
ऑल इंडिया पेट्रोल पंप एसोसिएशन के सचिव गोपाल माहेश्वरी ने अक्षर विश्व को बताया कि पैनिक की स्थिति केवल अफवाह की वजह से बनी है। कुछ छोटे पंप (कम स्टोरेज कैपेसिटी वाले) ज्यादा खपत की वजह से रात को जरूर ड्राय हुए थे लेकिन सप्लाय में कहीं दिक्कत नहीं आ रही है। माहेश्वरी ने बताया कि आम उपभोक्ताओं के लिए जिले में सभी पंप पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध हो रहा है। जमाखोरों के लिए जरूर प्रतिबंध है, बॉटल, ड्रम में पेट्रोल नहीं दे रहे हैं।
अफवाहों पर ध्यान ना दें
उज्जैन में पेट्रोल-डीजल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है, निर्यात आपूर्ति जारी है और आगे भी कहीं की कोई कमी नहीं होगी सभी पेट्रोल कंपनियों द्वारा सप्लाई निरंतर दी जा रही है। पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध है।
– रौशन कुमार सिंह, कलेक्टर









