यात्रीगण कृपया सावधान रहें… ट्रेनों में प्राइवेट वेंडर बन सकते हैं आपकी जान के दुश्मन

गर्म चाय का कंटेनर जनरल कोच के फर्श पर बैठे यात्रियों पर गिराया

तीन साल की बच्ची सहित तीन लोग झुलसे, चेन खींचकर भाग गया वेंडर
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। यदि आप ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा का प्लान बना रहे हैं तो पहले सावधान हो जाएं। ट्रेनों में प्राइवेट वेंडर जो अनाधिकृत रूप से चाय, समोसे, गुटखा, पाउच, सिगरेट सहित अन्य सामान बेचते हैं वह आपकी जान के दुश्मन हो सकते हैं। सुबह स्पेशल ट्रेन में एक प्राइवेट वेंडर ने गर्म चाय से भरा कंटेनर फर्श पर बैठे यात्रियों पर गिरा दिया जिसमें 3 वर्षीय की बच्ची सहित 3 लोग झुलस गए। तीनों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
भदोरवा निवासी 34 वर्षीय विकास पिता कन्हैयालाल ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार राकेश के साथ अंत्योदय एक्सप्रेस के जनरल कोच में छायापुरी से बनारस की यात्रा कर रहा था। सुबह ट्रेन ने उन्हेल स्टेशन क्रॉस किया तभी चाय बेचने वाला प्राइवेट वेंडर कोच में चढ़ गया। सीट पर जगह नहीं मिलने के कारण वह फर्श पर बैठा था। इसी दौरान वेंडर ने सिर पर रखा गर्म चाय का कंटेनर उस पर गिरा दिया। उसके पास बैठी महिला आईसा बी पति अलाउद्दीन निवासी गाजीपुरा और उसकी 3 वर्ष की बेटी अनम भी गंभीर रूप से झुलस गईं। वेंडर को दूसरे यात्रियों ने पकडऩे की कोशिश की लेकिन उसने चलती ट्रेन की चेन खींची और गति धीमी होते ही वह उतरकर आउटर के रास्ते भाग गया। ट्रेन उज्जैन स्टेशन पहुंची तो तीनों झुलसे हुए लोगों को स्टेशन पर उतारा गया। अलाउद्दीन ने जीआरपी में घटना की सूचना दी जिस पर पुलिस झुलसे हुए तीनों लोगों को चरक अस्पताल लेकर पहुंची जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती किया गया।
न आरपीएफ और न ही जीआरपी को चिंता
पैंसेंजर ट्रेन हो या एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, दूरंतो किसी भी ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा करने वालों की चिंता न तो आरपीएफ को होती है और न ही जीआरपी को। रेलवे का पुलिस फोर्स सिर्फ स्लीपर, एसी कोच में ड्यूटी करता है। रेलवे द्वारा अधिकृत वेंडर्स को ही खाद्य व अन्य सामग्री बेचने की अनुमति दी जाती है। बिना अनुमति के ट्रेन में कुछ भी बेचते पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होती है। प्राइवेट वेंडर को रोकने के लिए आरपीएफ के जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है लेकिन अधिकांश ट्रेन में और खासकर जनरल कोच में आरपीएफ के जवान कभी कोच चैक करने तक नहीं जाते। प्राइवेट वेंडर को पकडऩा तो दूसरी ही बात है।
जीआरपी दर्ज करेगी केस
प्राइवेट वेंडर की लापरवाही से बच्ची सहित 3 लोगों के परिजन ने जीआरपी में शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि उन्हेल स्टेशन से उज्जैन की तरफ आते समय ट्रेन में प्राइवेट वेंडर की लापरवाही से घटना हुई है। हालांकि वह चेन खींचकर भाग गया था। उसके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार करेंगे।









