सोनोग्राफी के लिए चरक अस्पताल में मरीजों का वेटिंग

9 बजे खुलने का समय, 10.30 तक नहीं पहुंचे डॉक्टर

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चरक अस्पताल में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि गंदगी परिसर में पसरी है तो मरीजों व उनके परिजनों को पीने का पानी तलाशना पड़ रहा है। अब हालात यह हो गए हैं कि मरीजों को सोनोग्राफी कराने के लिए वेटिंग लाइन में लगना पड़ रहा है। वर्तमान में चरक अस्पताल में दो सोनोग्राफी मशीनें अलग-अलग विभागों में लगी हैं। इन मशीनों का संचालन अलग-अलग डॉक्टर्स द्वारा किया जाता है। महिलाओं और प्रसूताओं के लिए अलग विभाग है जबकि भर्ती व बाहरी मरीजों के लिए अलग से सोनोग्राफी की व्यवस्था की गई है। यहां सुबह 9 बजे से मरीजों की सोनोग्राफी का समय शुरू होता है। वार्ड में भर्ती और बाहरी मरीजों को सोनोग्राफी के लिए अपना नंबर लगाकर वेटिंग के अनुसार इंतजार करना पड़ रहा है।
यह स्थिति थी विभाग की
सोनोग्राफी विभाग के बाहर बैठे दिनेश निवासी ढांचा भवन ने बताया कि सुबह के 10.30 बज चुके हैं। पिछले 30 मिनट से डॉक्टर का इंतजार कर रहे हैं। सोनोग्राफी करने वाला कोई नहीं। हुसाम अली खां निवासी हरिफाटक रोड ने बताया कि मैं 9.30 बजे से विभाग के बाहर बैठकर डॉक्टर का इंतजार कर रहा हूं। इन्हीं के पास बैठे शिवाजी प्रसाद ने बताया कि सुबह 9 बजे से बैठा हूं। 11 बजने वाली है अब तक कोई डॉक्टर नहीं आया। एक मरीज ने बताया कि उसने एक दिन पहले सोनोग्राफी के लिए नंबर लगाया था लेकिन दूसरे दिन समय पर पहुंचा तो डॉक्टर ही नहीं मिले।
दो डॉक्टर की ड्यूटी एक भी नहीं पहुंचे
सोनोग्राफी विभाग में पदस्थ नर्स पूर्णिमा मरावी ने बताया कि सोमवार को डॉ. अभिजीत भार्गव की सोनोग्राफी के लिए ड्यूटी थी और उनके सहयोगी के रूप में लखन पाटीदार थे। सामान्य दिनों में दोनों डॉक्टर समय पर आ जाते हैं आज ही 10.30 बज गए लेकिन वह नहीं आए न ही उनकी कोई सूचना मिली है। सोमवार को 15 मरीजों के सोनोग्राफी के लिए नंबर लगे थे।








