पुलिस की डेरों पर दबिश, 9 हिरासत में

कार्रवाई: अपराधी होने की शंका में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पुलिस ने मंगलवार को शहर से लगे डेरे में दबिश देकर सर्चिंग की। अपराधी होने की शंका में 9 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 1000 लोगों की सर्चिंग और तलाशी ली और कार्रवाई की।
महाकाल मंदिर के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र से करीब एक किमी दूरी कार्तिक मेला ग्राउंड में बने डेरों पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों के बारे में सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने डेरों पर दबिश दी। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पांच अलग अलग पार्टी ने चैकिंग की है। जिसमें आरोपियों के होने की संभावना थी जो उज्जैन के आसपास के क्षेत्रों में अपराध करते हैं। 9 लोगों को हिरासत में लिया है। इनके फिंगर प्रिंट ले रहे है। कई घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस ने अलग-अलग जगह की कार्रवाई
सीएसपी टीआई और विशेष टीमों ने चिह्नित डेरों, संदिग्ध ठिकानों और पब्लिक हॉट स्पॉट्स पर दबिश दी गई। क्यूआरटी, एसएएफ, महिला पुलिस बल, होमगार्ड और साइबर टीम भी शामिल रही। लाल पुल क्षेत्र से 9 संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। गुलमर्ग कॉलोनी में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक पुरुष व एक महिला को रोका व जांच की गई। सदावल मार्ग पर 2 संदिग्ध व्यक्तियों को चैकिंग के दौरान पकड़ा गया। कार्तिक मेला क्षेत्र व सदावल के आसपास 7 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई, जिनकी निगरानी पहले से दर्ज की गई थी।









