महाकाल मंदिर में प्रोटोकॉल दर्शन अब 250 के टोकन से

दर्शनार्थी को मोबाइल पर मिलेगी ऑनलाइन लिंक, राशि जमा होते ही मिलेगी अनुमति
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में अब प्रोटोकाल से वीआईपी दर्शन करने वालों को 250 रुपए का भुगतान करना होगा। ये भुगतान उन्हें मोबाइल पर मिलने वाली ऑनलाइन लिंक से करना होगा। पेमेंट जमा होते ही दर्शन की अनुमति मिल जाएगी।
श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रोटोकॉल से दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए नई ऑनलाइन व्यवस्था हाल ही में शुरू हुई है। हालांकि प्रोटोकाल के तहत वीआईपी दर्शन सुविधा पाने वाले दर्शनार्थियों के लिए 250 रुपए शुल्क की व्यवस्था पुरानी है। पुरानी व्यवस्था के अनुसार दर्शन के लिए प्रोटोकॉल अधिकारी के मोबाइल पर सभी के नाम और फोन नंबर देना होते थे।
अधिकारी उक्त नंबर पर एक टोकन नंबर भेजते थे। जब श्रद्धालु दर्शन करने मंदिर पहुंचते, तो पहले प्रोटोकॉल ऑफिस जाकर उन्हें प्रति व्यक्ति 250 की रसीद कटाना होती थी, पहले यह व्यवस्था ऑफलाइन थी। प्रोटोकाल अधिकारी द्वारा कोड जारी करने के बाद कर्मचारी उन्हें दर्शन करा देते थे। इससे मंदिर समिति को आर्थिक नुकसान होता था।
यह रहेगी नई व्यवस्था
नई व्यवस्था भस्म आरती की बुकिंग की तर्ज पर होगी। जिसके तहत दर्शनार्थियों को टोकन लेने की जरूरत नहीं होगी। मंदिर प्रबंध समिति प्रोटोकॉल दर्शनाथी के मोबाइल पर लिक भेजगी, जिसके माध्यम से वे दर्शन के लिए स्लॉट बुकिंग कर सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत, प्रोटोकॉल के माध्यम से दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं को प्रोटोकाल अधिकारी को विवरण दर्ज कराना होगा, जिसके बाद उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर लिंक प्राप्त होगी।
लिंक पर क्लिक करके श्रद्धालु 250 रुपए का निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। भुगतान सफल होने पर, उन्हें दर्शन के लिए तिथि और समय स्लॉट आवंटित किया जाएगा, जिसकी जानकारी भी उन्हें मोबाइल पर प्राप्त होगी। मंदिर समिति जनसंपर्क अधिकारी आशीष पलवाडिय़ा ने बताया कि मंदिर समिति के इस निर्णय से प्रोटोकॉल दर्शन प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और दर्शनार्थियों को सुविधा होगी।










