PSB में 635 पदों पर भर्ती, स्नातक पास उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन

पंजाब एंड सिंध बैंक ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के तहत 635 पदों पर आवेदन मांगे हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। इच्छुक उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में उत्तर प्रदेश के लिए सबसे ज्यादा 100 पद तय किए गए हैं। इसके अलावा पंजाब में 90, हरियाणा में 50, बिहार में 40 और दिल्ली सहित कई राज्यों में अलग-अलग पदों पर भर्तियां की जाएंगी।
आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक पास होना जरूरी है। स्नातकोत्तर डिग्री रखने वाले उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे। साथ ही एक साल या उससे अधिक का कार्य अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन नहीं कर सकेंगे।
उम्मीदवार की स्नातक पूरी होने की अवधि पांच साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा पढ़ने, लिखने और समझने की क्षमता भी अनिवार्य रखी गई है।
चयन प्रक्रिया में 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और स्थानीय भाषा की परीक्षा आयोजित होगी। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी।
सामान्य, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये रखा गया है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग वर्ग के लिए शुल्क 100 रुपये तय किया गया है।
चयनित अभ्यर्थियों को 12 महीने की अप्रेंटिस अवधि के दौरान हर महीने 12,300 रुपये मानदेय दिया जाएगा। कार्य समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। उम्मीदवारों को प्रति माह एक आकस्मिक अवकाश भी मिलेगा।







