पुष्य नक्षत्र कल से… सोने-चांदी के आभूषण चमकेंगे, नई कार, बाइक खरीदने का उत्साह

दो दिन खरीदी के महामुहूर्त में करोड़ों रुपए का कारोबार होने की उम्मीद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आखिर वो दिन आ ही गया, जिसका सबको खरीदी का इंतजार रहता है। दीपावली से पहले पुष्य नक्षत्र पर इस बार खरीदी अच्छी होने की उम्मीद में बाजार सज गए हैं और लोग भी तैयार हैं। खास बात यह कि पुष्य नक्षत्र दो दिन मंगलवार और बुधवार को भी रहेगा। बुधवार का दिन शुभ माना जाता है। इस कारण ज्यादा खरीदी होने की संभावना है। सोने और चांदी की कीमतों में उछाल के बाद आ रही गिरावट के कारण आभूषणों की खरीदी भी अच्छी होने की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में नई गाडिय़ों को खरीदने के प्रति लोगों में खासा उत्साह है।
सोना और चांदी की कीमतें इस बार पिछले साल की तुलना में ज्यादा हैं, लेकिन पुष्य नक्षत्र से एक दिन पहले दोनों धातुओं में गिरावट को देखते लोग आभूषण खरीदने का मन बना रहे हैं। इस कारण लखेरवाड़ी और पटनीबाजार के अलावा फ्रीगंज क्षेत्र के ज्वैलरी शो रूम के बाहर आकर्षक साज सज्जा की गई है। डीपी ज्वैलर, डीपीके ज्वैलरी और श्रीराम जैसे बड़े शो रूम पर पुष्य नक्षत्र में लोग सोने चांदी के आभूषण खरीदते दिखाई दे सकते हैं।
कुछ लोग एक दिन पहले ही गहने पसंद कर बुक कर सकते हैं। लखेरवाड़ी में आकर्षक सज्जा की जा रही है। दरअसल, पुष्य को नक्षत्रों का राजा माना जाता है और इस बार 14 व 15 अक्टूबर को दोनों दिन यह रहेगा। इस कारण लोग खरीदारी करने निकलेंगे। पंडितों के अनुसार इस नक्षत्र के दौरान किए गए पूजन, अनुष्ठान और खरीदारी का फल कई गुना बढ़ जाता है। पुष्य नक्षत्र नक्षत्रों का राजा माना जाता है। व्यापार शुरू करने, सोना, चांदी, वाहन, संपत्ति खरीदने के लिए लाभकारी है। आने वाले दिनों में जिन परिवारों में शादियां हैं वे भी एडवांस देकर पसंदीदा सामान की बुकिंग करा रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक सामान वॉशिंग मशीन, फ्रीज, एलइडी, एसी, माइक्रोवेव ओवन समेत अन्य उत्पाद भी बुक किए जा रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार कुल मिलाकर आने वाले दो दिनों में करीब 50 करोड़ का कारोबार होने की संभावना है।
इसलिए दो दिन शुभ पुष्य
पुष्य नक्षत्र कार्तिक कृष्ण अष्टमी दिन मंगलवार दोपहर 3:42 पर लगेगा, जो अगले दिन बुधवार 15 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3:19 तक रहेगा। स्वराशि कर्क का चंद्रमा मंगलवार को दिन में 9:50 से लेकर अगले दिन यानी बुधवार संपूर्ण दिन रात्रि रहकर, गुरुवार 16 अक्टूबर को दोपहर को 3:27 तक चंद्रमा कर्क राशि में रहेगा।
कल होंगे प्रॉपर्टी सौदे कल मंगलवार को पुष्य नक्षत्र में प्रॉपर्टी सौदे ज्यादा होने की संभावना है क्योंकि भूमि पर मंगल का आधिपत्य है, इसलिए मंगल पुष्य में खरीदी गई जमीन विशेष फलदायी होती है।
पुष्य नक्षत्र से जुड़ी बातें
पुष्य नक्षत्र को नक्षत्रों का राजा कहा जाता है।
27 नक्षत्रों के क्रम में आठवें स्थान पर पुष्य नक्षत्र आता है।
रविवार, बुधवार व गुरुवार को आने वाला पुष्य नक्षत्र अत्यधिक शुभ होता है।
ऋग्वेद में इसे मंगलकर्ता, वृद्धिकर्ता एवं आनंदकर्ता कहा गया है।
इस नक्षत्र में खरीदी गई कोई भी वस्तु शुभ फल प्रदान करती है, क्योंकि यह नक्षत्र स्थाई होता है
हर माह पुष्य नक्षत्र का योग बनता है, किंतु दीपावली के पहले आने वाला पुष्य नक्षत्र विशेष माना जाता है।
पुष्य नक्षत्र के देवता बृहस्पति हैं और स्वामी शनि हैं।
दो दिन कब कौनसा मुहूर्त
14 अक्टूबर
सुबह 11.00 से 01.49 तक लाभ
दोपहर 03.15 से 4.41 बजे तक अमृत
शाम 7.30 से 9.00 बजे तक लाभ
रात 10.36 से 12.10 बजे तक शुभ
15 अक्टूबर
सुबह 6.41 से 09.32 बजे तक लाभ
सुबह 10.58 से 12.23 बजे तक अमृत
दोपहर 03.15 से 04.40 बजे तक शुभ
शाम 4.40 से 6.04 बजे तक अमृत










