रेलवे कर्मचारियों को जल्द मिलेगा दिवाली बोनस, 1865 करोड़ का प्रस्ताव
10.91 लाख कर्मचारियों को मिलेगा फायदा, 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस देने का प्रस्ताव

दिवाली और छठ पर्व से पहले रेलवे कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे के लाखों कर्मचारियों को जल्द ही सालाना बोनस मिल सकता है। इस संबंध में केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने की उम्मीद है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में बोनस के प्रस्ताव पर फैसला लिया जा सकता है। प्रस्ताव के तहत रेलवे के करीब 10 लाख 91 हजार कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर उत्पादकता आधारित बोनस (PLB) दिया जाना है। इसके लिए लगभग 1865 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हालांकि, बोनस को लेकर अंतिम मंजूरी की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
कितनी मिलेगी बोनस की राशि?
रेलवे कर्मचारियों को हर साल दिवाली से पहले उत्पादकता आधारित बोनस दिया जाता है। मौजूदा व्यवस्था के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस मिलता है। इसकी अधिकतम राशि 17,951 रुपये तय है। इस बोनस से कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त आर्थिक मदद मिलती है। दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों से पहले बोनस मिलने से कर्मचारियों को घरेलू खर्च और खरीदारी में राहत मिल सकती है।

बोनस की वेतन सीमा बढ़ाने की मांग
रेलवे कर्मचारियों के बोनस को लेकर एक अहम मांग लंबे समय से उठ रही है। फिलहाल बोनस की गणना के लिए 7,000 रुपये की मासिक वेतन सीमा तय है। यह सीमा वर्ष 2014-15 से नहीं बदली गई है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि समय के साथ वेतन और महंगाई में बढ़ोतरी हुई है, इसलिए बोनस की गणना की सीमा में भी बदलाव किया जाना चाहिए।
भारतीय रेलवे तकनीकी पर्यवेक्षक संघ ने भी इस सीमा को बढ़ाने की मांग की है। संघ चाहता है कि लेवल-2 और उससे ऊपर के कर्मचारियों के लिए वेतन सीमा बढ़ाकर 18,000 रुपये की जाए और इसमें महंगाई भत्ते (DA) को भी शामिल किया जाए। अब रेलवे कर्मचारियों की नजर सरकार के अंतिम फैसले पर है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो त्योहारों से पहले लाखों कर्मचारियों को बोनस का लाभ मिल सकता है।









