बारिश-बिजली का कहर, 83 मौतें,कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

By AV NEWS 2

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी-तूफान के बीच बिजली गिरने से लोगों के मारे जाने की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक दोनों राज्यों में बीते 48 घंटों में बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 22 लोगों की मौत यूपी में और आंधी-बारिश व ठनका गिरने से 61 लोग बिहार में असामयिक कल का ग्रास बने हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 22 मौतें 10 अप्रैल को नालंदा में हुईं। मृतकों में सबसे अधिक बच्चे शामिल हैं।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार बिहार में अब भी खराब मौसम से राहत के आसार नहीं हैं। राज्य में शनिवार तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी है। 10 जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिर सकती है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

राजस्थान में भी गुरुवार को आंधी और बारिश जारी रही और अब भी ऐसे मौसम को लेकर अलर्ट जारी है। बारिश के कारण प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राज्य के ज्यादातर इलाकों में तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों के लिए खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किमी की गति तक धूलभरी आंधी चल सकती है।

छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भी तेज गर्मी के बीच मौसम बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में आज सुबह से बादल छाए हैं और मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन कुछ जगह आंधी-तूफान के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आज भी राज्य के 10 से अधिक जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। उधर मध्यप्रदेश में अगले 3 दिन तक तेज गर्मी व लू से थोड़ी राहत मिलने का अनुमान है। राज्य के अधिकतर जिलों में बारिश के साथ आंधी अथवा ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस घट सकता है।

हरियाणा के भी कई जिलों में गुरुवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और आंधी भी चली, जिसके प्रभाव से आज सुबह प्रदेश में ज्यादातर जगह सुबह-सुबह ठंडी हवाएं चलती रहीं। दिन में भी मौसम पहले के बजाय ठंडा बना हुआ है। मौसम विभाग ने अब भी राज्य में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।

पंजाब में गर्मी बढ़ने का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार की तरह आज भी पूरे सूबे में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को हालांकि राज्य में बारिश नहीं हुई। आज कुछ जगह ओलावृष्टि भी हो सकती है और 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के अधिकांश भागों में आज बारिश हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार विशेषकर राज्य के कुल्लू और कांगड़ा जिले में आंधी-तूफान व ओलावृष्टि होने की संभावना है। विभाग ने इसको लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी किया है, जो इस सीजन में पहली बार है। राजधानी शिमला,लाहौल स्पीति, सिरमौर, सोलन, चंबा और मंडी जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *