कल शाम 7 स्थानों से आरएसएस पथ संचलन

शताब्दी वर्ष के विजयादशमी महोत्सव में 20 हजार स्वयंसेवक होंगे शामिल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शताब्दी वर्ष के तहत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथसंचलन रविवार शाम 4 बजे शहर के ७ अलग-अलग स्थानों (नगर) से निकलेगा। जिसमें २० हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। प्रत्येक नगर से करीब 3 हजार स्वयंसेवक संचलन में निकलेंगे। संचलन के पूर्व संघ के वरिष्ठ अधिकारी स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। महानगर प्रचार प्रमुख ओजस व्यास ने बताया कि संचलन की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
प्रत्येक नगर का अलग संचलन मार्ग
केशव नगर – देवास गेट स्थित पुराना माधव कॉलेज मैदान से प्रारंभ होकर मालीपुरा, दौलतगंज, महाकाल चौराहा, गुदरी, गोपाल मंदिर, छत्री चौक, बड़ा सराफा, सतीगेट, नई सडक़ और आर्यसमाज मार्ग से होते हुए पुन: माधव कॉलेज पर संपन्न होगा। अध्यक्षता पं. अमर डब्बावाला, करेंगे, अशोक सोहनी का उद्बोधन रहेगा।
विक्रमादित्य नगर- क्षीरसागर मैदान से शुरू होकर घाटी, नई सडक़, तेलीवाड़ा, गीता कॉलोनी, बियाबानी चौराहा और मेट्रो टॉकीज मार्ग से निकलकर पुन: क्षीरसागर मैदान पहुंचेगा। आदिवासी मांझी समाज अध्यक्ष राकेश वर्मा अध्यक्षता करेंगे एवं शम्भूप्रसाद गिरी संबोधित करेंगे।
मधुकर नगर- गुमानदेव मैदान से शुरू होकर जाट धर्मशाला, गांधी नगर, फल मंडी, पिपलीनाका होते हुए गुमानदेव मैदान पर समाप्त होगा। महंत विशाल दास महाराज अध्यक्षता करेंगे। गोपाल देराड़ी वक्तव्य देंगे।
सुदर्शन नगर- सेंट पॉल स्कूल के सामने वाले मैदान से प्रारंभ होकर आगर रोड, 5 नंबर नाका, बापू नगर, कानीपुरा रोड, मक्सी रोड से होता हुआ वापस सेंट पॉल स्कूल पर समाप्त होगा। पेट्रोल पंप व्यवसायी अवतार सिंह अरोरा अध्यक्षता करेंगे। विक्रम रघुवंशी उद्बोधन देंगे।
माधव नगर- दशहरा मैदान से सुराना पैलेस, सेठीनगर, लक्ष्मीनगर, अशोक नगर, सांदीपनि चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम, लिनन शोरूम से होते हुए पुन: दशहरा मैदान पर समाप्त होगा। सीए अकृत जैन अध्यक्षता करेंगे। गिरीश जी, इंदौर मुख्य वक्ता होंगे।
राजेन्द्र नगर – शास्त्री नगर मैदान से शांति नगर, न्यू इंदिरा नगर, सिंधी कॉलोनी होते हुए पुन: मैदान पर समाप्त होगा। डॉ. ऋद्धि खंडेलवाल अध्यक्षता करेंगी। दिनेश गुप्ता संबोधित करेंगे।
कालिदास नगर- श्री गुरुजी खेल प्रशाल (स्पोर्ट्स एरीना, महानंदानगर) से शुरू होकर महानंदा नगर कॉम्प्लेक्स, अलकनंदा नगर, जवाहर नगर और ट्रेजर बाजार मार्ग से होता हुआ पुन: खेल प्रशाल पर समाप्त होगा। रिटायर्ड आईजी रमन सिंह सिकरवार अध्यक्षता करेंगे एवं चेन राम जैन उद्बोधन देंगे।