सचिन तेंदुलकर ने लोनावला में खरीदी 70 करोड़ की जमीन

3.86 एकड़ का सौदा, 4 सितंबर को हुई रजिस्ट्री
मुंबई। क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने महाराष्ट्र के लोनावला में करीब 70 करोड़ रुपए की जमीन खरीदी है। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डेटा के मुताबिक, तेंदुलकर ने कुल 3.86 एकड़ जमीन तीन अलग-अलग कन्वेयंस डीड के जरिए खरीदी है। इन सौदों की रजिस्ट्री 4 सितंबर 2026 को हुई।
तीन अलग-अलग सौदों में खरीदी जमीन
रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक, तीनों सौदों की कुल कीमत करीब 69.99 करोड़ रुपए है। सबसे बड़ा सौदा 63.69 करोड़ रुपए का है, जिसमें करीब 3.09 एकड़ जमीन शामिल है। इस हिस्से पर तेंदुलकर का 100 प्रतिशत मालिकाना हक है।
बाकी दो सौदों की कीमत क्रमशः 4.56 करोड़ और 1.75 करोड़ रुपए है। इन दोनों संपत्तियों में तेंदुलकर ने 50 प्रतिशत अविभाजित हिस्सेदारी खरीदी है।
1.68 लाख वर्ग फीट है कुल क्षेत्रफल
तीनों संपत्तियों का कुल क्षेत्रफल करीब 15,601.78 वर्ग मीटर, यानी लगभग 1.68 लाख वर्ग फीट है। सबसे बड़े भूखंड में करीब 2,100 वर्ग फीट का मौजूदा निर्मित ढांचा भी शामिल है।
इन संपत्तियों की खरीद नंदन धनंजय मेहता और विवस्वत धनंजय मेहता से की गई है। सौदे पर करीब 4.20 करोड़ रुपए स्टांप ड्यूटी और 90 हजार रुपए रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान किया गया।
लोनावला में सेलिब्रिटीज की पसंद
मुंबई और पुणे के बीच स्थित लोनावला लंबे समय से सेकंड होम, विला और फार्महाउस के लिए लोकप्रिय रहा है। यहां बड़े भूखंडों और लग्जरी प्रॉपर्टी में हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स और सेलिब्रिटीज की दिलचस्पी रही है। तेंदुलकर का यह नया निवेश भी इसी प्रॉपर्टी मार्केट का हिस्सा माना जा रहा है।









