साहब…. आयुष्मान कार्ड बनवा दीजिए ताकि आंख का ऑपरेशन करवा सकूं

जनसुनवाई में लोगों ने लगाई गुहार

उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की। जनसुनवाई में कार्तिक चौक निवासी सागरबाई सेन ने बताया कि पति श्रमिक थे। उनका संबल योजना का कार्ड भी बना है। उनकी कुछ समय पूर्व दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। परंतु आज दिनांक तक योजना का लाभ नहीं मिला। इस पर नगर निगम आयुक्त को कारवाई के निर्देश दिए। ग्राम निपानिया गोयल निवासी वर्षारानी ने बताया उन्हें एक आंख से दिखाई नहीं देता है।
यदि समय रहते इलाज नहीं किया तो दूसरी आंख की रोशनी भी जा सकती है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए गुहार लगाई, लेकिन आज तक उनका कार्ड नहीं बना। इसके कारण आंख के ऑपरेशन में समस्या आ रही हैं। उज्जैन निवासी अश्विनी परमार ने बताया आवेदन दिया कि मैं गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करती हूं तथा आजीविका का कोई साधन नहीं है। जीवन यापन के लिए शासन की ओर से योजनाओं का लाभ दिलवाया जाए। अस्लाना के सेवाराम ने बताया खेत पर आवागमन के मार्ग पर एक व्यक्ति ने अतिक्रमण कर लिया है। इस संबंध में रास्ता खुलवाने के लिए नायब तहसीलदार न्यायालय चिंतामन जवासिया द्वारा आदेश होने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया।









