Advertisement

शहर में शराब बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित

एसपी बोले…शराब पीकर वाहन चलाते भी पकड़ाए तो दर्ज होगा प्रकरण

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। शासन ने शहर में शराब की बिक्री पर आज से पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने नियम को अमल में लाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है। एसपी शर्मा ने बताया कि शासन ने शहर में शराब बिक्री को प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं।

इसे अमल में लाने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि अब शहर की सभी दुकानें बंद हो चुकी हैं। पहले डायरी पर विक्रय होता था उसे भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है। शराब माफियाओं की लिस्ट तैयार कर ली गई है। उन्हें थाने बुलाकर बांड भरवाए जा रहे हैं। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अगले 7 दिनों तक अभियान चलाकर शराब विक्रय प्रतिबंध पर प्रभावी कार्रवाई करें। सुबह 10 से रात 12 बजे तक पुलिस अफसर फील्ड में रहेंगे।

Advertisement

शराब पकड़ाई तो सीएसपी करेंगे जांच

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी थाना क्षेत्र में कोई व्यक्ति अवैध तरीके से शराब का विक्रय या परिवहन करते पकड़ाता है तो उससे सीधे सीएसपी पूछताछ करेंगे। थाना प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि उनके सर्कल में कहीं भी शराब का विक्रय न हो पाए।

Advertisement

सीमाओं पर पोस्ट बनाकर चैकिंग

शहर की सीमाओं निनौरा, नरवर, घट्टिया, उन्हेल, मक्सीरोड सभी दूर संबंधित थानों की चेक पोस्ट बनाई गई है। यहां पर पुलिस अफसर ब्रिथ एनॉलाइजर लेकर वाहन चालकों की जांच करेंगे। यदि कोई शराब पीकर वाहन चलाते पकड़ाया तो उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अभी शासन का आदेश नहीं मिला

कालभैरव मंदिर प्रशासक संध्या मार्कंडेय ने बताया कि अभी तक मंदिर में शराब के भोग, श्रद्धालुओं द्वारा शराब लाने आदि के बारे में कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। भगवान को पांच समय मदिरा का भोग पंडितों द्वारा लगाया जाता है। वह व्यवस्था पूर्व की तरह जारी रहेगी। इसके अतिरिक्त कोई श्रद्धालु शराब लेकर आता है तो उसका भोग भी भगवान को लगाएंगे। आगे शासन के मार्गदर्शन में कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Write a review