जंगल सफारी जैसा अनुभव जानवरों की बीच रहने सा रोमांच

शिप्रा विहार में नगर निगम ने 90 लाख से बनाई नक्षत्र वाटिका

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। यदि आप जंगल, नैचर और सुकून का अनुभव करना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए है। नगर निगम ने शहर को एक ऐसी सौगात दी है जहां जाकर लोगों को जंगल सफारी जैसा अनुभव होगा और यहां जानवरों की प्रतिकृति इतनी खूबसूरती से बनाई गई है कि असली जानवरों को आंखों के सामने देखने जैासा रोमांच भी मिलेगा। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कर चुके हैं।
दरअसल, वार्ड क्र. 54 स्थित शिप्रा विहार कॉलोनी में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत करीब 90 लाख रुपए की लागत से नगर निगम द्वारा विकसित नगर वन, नक्षत्र वाटिका का निर्माण किया गया है। पहले यहां नर्सरी हुआ करती थी जहां लकडिय़ों के ढेर रखे जाते थे। करीब १ लाख 5 हजार स्क्वेयर फीट यानी लगभग 4.5 बीघा में फैले इस क्षेत्र का कायाकल्प नगर निगम ने किया है।
8 से 10 हजार पौधे रोपे
जिसके तहत हरियाली को बढ़ावा देने और यहां आने वाले लोगों को प्राकृतिक वातावरण का अनुभव हो इसलिए यहां 8 से 10 हजार पौधे रोपे गए हैं। यहां पर राशि एवं ग्रहों के आधार पर बनाई नक्षत्र वाटिका में भी पौधे लगाए गए हैं। इसके अ लावा लघु वन भी बनाया गया है जिसमें नीम, जामुन, अमरूद, आंवला के पौधे लगाए गए हैं।
सेल्फी पॉइंट और फाउंटेन भी
इस वन में एक्यूप्रेशर स्थल, सेल्फी पॉइंट, गजीबो, पाथ-वे, प्राकृतिक जंगल, बच्चों के लिए झूले, जिम उपकरण, आकर्षक लाइटिंग, फाउंटेन, मुख्य द्वार, बाउंड्रीवॉल पर आकर्षक चित्रकारी, जीव-जंतु की प्रतिकृति, रिचार्ज पीट, कम्पोस्ट पीट आदि की सुविधा विकसित की गई हैं।
यह रहेगा समय
उद्यान का समय भी निर्धारित किया गया है। यह सुबह 6 से 11 बजे तक और शाम 4 से 9 बजे खुला रहेगा। रविवार को दिनभर खुला रहेगा जहां शहरवासी जंगल का अनुभव कर सकेंगे।









