ट्रैफिक रूल टूटे तो दिखा ‘खाकी’ का एक्शन, 26 हजार का फाइन वसूला

हूटर, लाल-नीली बत्ती, काली फिल्म एवं अन्य नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। ट्रैफिक रूल्स तोडक़र दूसरों के लिए खतरा बनने वाले वाहन चालकों को सबक सिखाने के लिए पुलिस सडक़ों पर उतर आई हैं। इसी कड़ी में राघवी थाना पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले १२ वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए उनके चालान बनाए और २६ हजार रुपए का फाइन वसूला। इसके अलावा उन्हें हिदायत दी गई कि भविष्य में ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
दरअसल, जिलेभर में यातायात नियमों को तोडऩे पर पुलिस एक्शन ले रही है। इसके तहत राघवी थाना प्रभारी आईपीएस काजल सिंह एवं एएसआई शांतिलाल भंडारी ने संयुक्त रूप से चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान हूटर, अवैध लाल-नीली बत्ती, काली फिल्म तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करते हुए 12 चालान बनाए गए और 2६ हजार रुपए शुल्क वसूला गया। पुलिस ने कहा नियम तोडऩे पर इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।









