सम्राट चौधरी ने ली बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ, JDU से बने दो डिप्टी सीएम

सम्राट चौधरी बिहार 24वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने लोकभवन में सुबह 11 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बिहार की नई सरकार में जदयू से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने भी शपथ ली। दोनों को डिप्टी CM बनाया गया है। नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में मौजूद थे। बिहार में अभी मंत्रिमंडल का ऐलान नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री के पिता शकुनी चौधरी ने कहा, ‘कभी-कभी ईश्वर की कृपा होती है। हमने कई पार्टियों के लिए पूरी लड़ाई लड़ी, लेकिन सफलता नहीं मिली। आज अमित शाह, नरेंद्र मोदी और नीतीश की कृपा से सम्राट आगे बढ़ गया। मेहनत रंग लाती है जो मेहनत करेगा वही आगे बढ़ेगा।’
सम्राट चौधरी की पारिवारिक पृष्ठभूमि
16 नवंबर 1968 को जन्मे सम्राट चौधरी का परिवार लंबे समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय है। उनके पिता शकुनी चौधरी सात बार विधायक और सांसद रहे हैं, जबकि मां पार्वती देवी 1995 में तरापुर से विधायक थीं।
उनकी शैक्षणिक योग्यता भी विवादों में रही। जहां वे अपने दस्तावेजों में मदुरै कमराज विश्वविद्यालय से डी.लिट. की डिग्री का उल्लेख करते हैं, वहीं 2010 के हलफनामे में 7वीं तक पढ़ाई दर्शाई गई थी। 2025 में प्रशांत किशोर ने भी उनकी डिग्री पर सवाल उठाया था। उनकी पत्नी ममता कुमारी वकील हैं और उनके दो बच्चे हैं।









