वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल तैयार, 1 अक्टूबर को होगा ऐलान

साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की मेजबानी में विश्व कप 2027 का आयोजन किया जाएगा। एक अक्टूबर को आईसीसी और क्रिकेट साउथ अफ्रीका इस विश्व कप के शेड्यूल का ऐलान करेंगे। क्रिकेट विश्व कप हर 4 साल पर खेला जाता है। 1975 में इसकी शुरुआत हुई थी। 2023 के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका में विश्व कप होगा। एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
पहले रिपोर्ट्स आ चुकी हैं कि विश्व कप की शुरुआत 2 अक्टूबर से हो सकती है और इसका फाइनल 21 नंवबर को खेला जा सकता है। इसके साथ ही एक अक्टूबर को ही वर्ल्ड कप टिकटों के लिए बैलेट भी शुरू करेगा। हालांकि टिकट तुरंत खरीदने के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, लेकिन फैंस 1 अक्टूबर से टिकट बैलेट के लिए रजिस्टर कर सकेंगे।
विश्व कप की 14 में से 10 टीमें पक्की हो चुकीं
वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली 14 में से 10 टीमें 30 सितंबर तक पक्की हो जाएगी, जो क्वालिफिकेशन की आखिरी तारीख है। इनमें से दो टीमें मेजबान टीमें साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे होंगी। वहीं बाकी आठ टीमें आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर जगह बनाएंगी। बाकी चार टीमें क्वालिफायर के जरिए आएंगी और शेड्यूल में उन्हें क्वालिफायर 1, 2, 3 और 4 के तौर पर लिस्ट किया जाएगा। टूर्नामेंट के तीसरे मेजबान नामीबिया का क्वालिफिकेशन अभी पक्का नहीं है।
वेस्टइंडीज को क्वालिफाई टूर्नामेंट खेलना होगा
अभी तक, भारत (नंबर 1), न्यूजीलैंड (नंबर 2), पाकिस्तान (नंबर 4), ऑस्ट्रेलिया (नंबर 5), इंग्लैंड (नंबर 6), श्रीलंका (नंबर 7), अफगानिस्तान (नंबर 8) और बांग्लादेश (नंबर 9) रैंकिंग के जरिए जगह बनाने की कतार में हैं। रैंकिंग में नौवें स्थान पर होने के बावजूद बांग्लादेश जगह बना लेगा क्योंकि तीसरे नंबर की टीम साउथ अफ्रीका मेजबान के तौर पर अपनी जगह पक्की कर चुकी है।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही वेस्टइंडीज टूर्नामेंट के लिए सीधे क्वालिफाई नहीं कर पाई है। उसे अगले साल की शुरुआत में होने वाले क्वालिफायर के जरिए विश्व कप का टिकट कटाना पड़ेगा। पहला और दूसरा विश्व कप जीते वाली वेस्टइंडीज की टीम 2023 में हुए विश्व कप में क्वालिफाई भी नहीं कर पाई थी।









