सिंधिया राजघराने की पगड़ी, चांदी की पालकी और गार्ड ऑफ ऑनर

राजसी ठाठ से निकले भगवान महाकाल के सेनापति बाबा कालभैरव, कलेक्टर-एसपी ने किया पूजन, भक्तों ने की पुष्पवर्षा और आरती
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भाद्रपद के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर बुधवार को भगवान महाकाल के सेनापति बाबा कालभैरव राजसी वैभव के साथ भक्तों को दर्शन देने के लिए भ्रमण पर निकले। बाबा की एक झलक पाने के लिए इंतजार में खड़े श्रद्धालुओं के बीच जैसे ही फूलों से सजी चांदी की पालकी पहुंची उन्होंने पुष्पवर्षा कर स्वागत कर आरती की।
दरअसल, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने बाबा कालभैरव का पूजन किया। ग्वालियर के सिंधिया राजघराने से मंगवाई गई विशेष पगड़ी बाबा को धारण करवाई गई। शाम ठीक 4 बजे सवारी नगर भ्रमण के लिए निकली। सबसे पहले पुलिस जवानों ने बाबा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। भक्त भी बाबा की सवारी का इंतजार कर रहे थे, सवारी जिस भी मार्ग से गुजरी फूलों की बारिश और जयकारे लगते रहे। परंपरा अनुसार सवारी केंद्रीय जेल भैरवगढ़ भी पहुंची जहां जेल अधीक्षक मनोज साहू ने बाबा कालभैरव का पूजन किया। बंदियों को भी बाबा के दर्शन करवाए गए। इसके बाद सवारी शिप्रा तट स्थित सिद्धनाथ मंदिर पहुंची और फिर पुन: कालभैरव मंदिर लौटी। सवारी में पुलिस बल, बैंड, ढोल, ध्वज और घोड़े-बग्घी के साथ भक्त भी शामिल हुए। आपको बता दें कि साल में दो बार बाबा कालभैरव नगर भ्रमण पर निकलते हैं।










