शाजापुर : होटल के बाहर खड़ी AC बस में लगी भीषण आग ,4 साल का मासूम जिंदा जला

शाजापुर जिले के मक्सी क्षेत्र में आगरा–मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाईवे किनारे स्थित एक होटल के बाहर खड़ी एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना के समय अधिकांश यात्री होटल में चाय-नाश्ता करने के लिए नीचे उतरे हुए थे, जबकि कुछ यात्री बस के अंदर ही मौजूद थे। इसी दौरान अचानक बस में आग भड़क उठी। आग लगते ही बस में बैठे यात्रियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन इसी अफरा-तफरी के बीच एक 4 वर्षीय मासूम बच्चा बस के अंदर ही फंस गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन भीषण आग के कारण कोई भी अंदर नहीं जा सका। बाद में आग पर काबू पाने के बाद जब बस की तलाशी ली गई तो अंदर से बच्चे का जला हुआ कंकाल बरामद हुआ। इस हृदयविदारक दृश्य से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही शाजापुर, मक्सी और तराना से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बस में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। बताया जा रहा है कि बस में आपातकालीन द्वार भी मौजूद नहीं था और उसमें भारी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने बच्चे के अवशेष को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की जांच जारी है।









