150 रुपए का सिंगल टिकट, 45 मिनट तैराकी, 15 मिनट शावर

आखिरकार इंतजार खत्म.. नगर निगम के पीछे ओलिंपिक साइज स्वीमिंग पूल का शुभारंभ
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
2500 रुपए में बनेगा एक माह का पास, पर्सनल कोच के लिए अलग से देना होंगे 5 हजार
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गर्मी का मौसम शुरू होते ही जिस स्वीमिंग पूल के शुरू होने का इंतजार शहरवासियों को काफी समय से था, वह इंतजार मंगलवार को सुबह १० बजे इसके शुभारंभ के साथ खत्म हो गया। अब निगम मुख्यालय के पीछे स्थित ओलिंपिक साइज स्वीमिंग पूल को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है, जहां वे तैराकी का मजा ले सकेंगे। इसमें एक व्यक्ति को 150 रुपए में टिकट मिलेगा जिसमें 45 मिनट तैराकी और 15 मिनट शावर के लिए समय दिया जाएगा। इसी तरह 2500 रुपए में एक माह का पास बनेगा। इसमें शावर के साथ लॉकर की सुविधा मिलेगी। पर्सनल कोच के लिए अलग से राशि चुकानी होगी।
दरअसल, नगर निगम ने मेंटनेंस नहीं कर पाने के कारण दिल्ली की रामा कृष्णा इंटरप्राइजेस को संचालन का जिम्मा सौंपा है। कंपनी के ऑनर विक्रम शर्मा और मैनेजर कृष्ण गिल ने बताया कि पूल का रखरखाव भी हमारे द्वारा किया जाएगा। हम चाहते हैं कि उज्जैन के लोग तैराकी का मजा लेने यहां आएं।
18 हजार का फैमिली प्लान
स्वीमिंग पुल के लिए एक माह का पास २५०० रुपए में बनेगा। तीन माह के लिए ५५०० रुपए और छह माह के लिए ९ हजार रुपए चुकाने होंगे। इसके अलावा स्पेशल फैमिली प्लान के लिए १८ हजार रुपए देना होंगे। यदि कोई शख्स एक दिन के लिए पूल में तैराकी के लिए आना चाहता है तो उसे १५० रुपए का टिकट लेना होगा।
कोच के लिए अलग से शुल्क
यदि कोई व्यक्ति पर्सनल कोच की डिमांड करता है तो वह सुविधा भी उसे उपलब्ध करवाई जाएगी, इसके लिए उसे मंथली फीस २५०० के अलावा ५ हजार रुपए अतिरिक्त देना होंगे यानी कुल ७५०० रुपए देना होंगे। ग्रुप कोचिंग के लिए २५०० रुपए के अतिरिक्त १२०० रुपए देना होंगे।
यह रहेगा समय
स्वीमिंग पूल में दो शिफ्ट में चलेगा। पहली शिफ्ट सुबह ६ बजे से शुरू होगी और ११ बजे तक चलेगी। इसके बाद शाम की शिफ्ट की शुरुआत शाम ४ बजे से होगी जो रात ९ बजे तक चलेगी। इसमें महिलाएं सुबह १० से ११ और शाम ४ से ५ बजे तक तैराकी कर सकेंगी। इसके अलावा फैमिली को भी एंट्री मिलेगी।
17 लोगों का स्टाफ
पूल में अभी १५ कर्मचारियों का स्टॉफ है। इसमें ४ लाइफ गार्ड, २ कोच, ४ सफाईकर्मी, ३ प्लांट ऑपरेटर और २ सहायक सहित २ गार्ड शामिल हैं। सभी की ड्यूटी और स्थान तय कर दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शावर एरिया रहेंगे।