सर सलामत-सब सलामत : 750 का हेलमेट 337 में

यातायात जागरुकता माह के दौरान स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस का अभियान जारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिर सलामत तो सब सलामत – इस पंच लाइन के साथ शुक्रवार को चामुंडा माता चौराहे पर यातायात पुलिस और स्मार्ट सिटी के कार्यकर्ताओं ने लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। साथ ही सब्सिडी पर हेलमेट खरीदने के लिए प्रेरित भी किया।
यातायात जागरुकता माह 1 से 31 जनवरी तक चलाया जा रहा है। इसमें इस बार यातायात पुलिस के साथ स्मार्ट सिटी भी सहयोगी है। शुक्रवार सुबह स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस ने चामुंडा माता चौराहे पर यातायात जागरुकता अभियान चलाया। इसमें वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही सब्सिडी पर हेलमेट दिए गए। महापौर मुकेश टटवाल और कुछ पार्षद भी यहां पहुंचे एवं अभियान में सहयोग किया।
वाहन चालकों को तुलसी के पौधे बांटे
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा और डीएसपी ट्रैफिक विक्रमसिंह कनपुरिया ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को तुलसी के पौधे भी बांटे और उनसे हेलमेट पहनने का आग्रह किया। इसकेअ अलावा जिन वाहन चालकों ने ट्रैफिक नियमों को तोड़ा उन्हें भी तुलसी के पौधे दिए गए।
300 की सब्सिडी और डिस्काउंट अलग, एक घंटे में बिके 150
अभियान के तहत वाहन चालकों को हेलमेट 300 रुपए की सब्सिडी और 15 प्रतिशत डीलर डिस्काउंट के साथ मिला। इस कारण 750 रुपए का हेलमेट 337 रुपए, 1050 कीमत का हेलमेट 592 और 1100 रुपए कीमत का हेलमेट 635 रुपए में दिया गया। कम कीमत पर क्वालिटी का हेलमेट खरीदने में लोगों ने भी रुचि दिखाई। शुरुआती एक घंटे में करीब 150 से अधिक हेलमेट बिक गए।









