सोशल मीडिया फ्रेंड से कर रहा था छेड़छाड़, भीड़ ने पीट दिया

हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने पकडक़र पुलिस को सौंपा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में गुरुवार रात हिंदूवादी संगठन ने एक युवक की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसने अपनी सोशल मीडिया फ्रेंड को गरबा स्थल से मिलने बुलाया था। आरोप है कि युवक उसे गलत इरादे से साथ ले जा रहा था। युवती को युवक गैराज में ले गया तो युवती ने शोर मचा दिया। आसपास के लोगों ने हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना दी। इसके बाद भीड़ ने मौके पर युवक की पिटाई कर दी।
घटना मंछामन चौराहे की है। घटना के बाद यहां काफी भीड़ जमा हो गई। विक्की राठौर और लवेश सोनी युवती को लेकर नीलगंगा थाने पहुंचे। युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए फरदीन खान से हुई थी। गुरुवार रात जब वह घर से गरबा देखने निकली, तभी फरदीन का फोन आया। उसने कहा कि जरूरी बात करनी है और उसे न्यू उज्जैन मोटर्स, मंछामन नाले के पास बुलाया।
वहां पहुंचने पर फरदीन उसे अपने गैराज के अंदर ले गया और हाथ पकडक़र छेड़छाड़ करने लगा। युवती ने शोर मचाया तो हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता और आसपास के लोग वहां आ गए। उन्होंने युवती को फरदीन के चंगुल से छुड़ाया। युवक के पकड़े जाने के बाद भीड़ गुस्से में आ गई। लोगों ने फरदीन की जमकर पिटाई की। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 2023/74 के तहत मामला दर्ज किया है।
पांडालों पर ‘शक्ति मोबाइल’ की नजर
गौरतलब है कि गरबा पंडालों में अवांछित लोगों को प्रवेश रोकने के लिए पुलिस ने खासी तैयारी की है। इसके लिए मंगलवार शाम को टॉवर से गरबा पांडालों में पेट्रोलिंग के लिए महिला पुलिसकर्मियों को दोपहिया वाहनों से रवाना किया गया था। माधवनगर सीएसपी दीपिका शिंदे ने तब बताया था कि इन्हें ‘शक्ति मोबाइल’ नाम दिया गया है।
कुल 12 वाहनों पर 24ऑफिसर पंडालों पर नजर रखेंगे। नवरात्रि के दौरान रोजाना शाम 7 बजे से गरबा समाप्त होने तक पांडालों में जाएंगी और चैक करेंगी कि वहां युवतियों को कोई परेशान तो नहीं कर रहा। इसमें 6-6 ऑफिसर्स की चार टीमें बनाई गई हैं। दो टीमें नानाखेड़ा व माधवनगर सब डिवीजन में घूमेंगी तो शेष टीमें कोतवाली और जीवाजीगंज क्षेत्र में पेट्रोलिंग करेंगी। इधर, हिंदूवादी संगठन भी गरबे के दौरान पृथक से निगाह रख रहे हैं। इन संगठनों की टीमें भी गरबा पंडालों में जा रही हैं और अवांछित गतिविधियों को रोक रही हैं। पिछले दिनों इस टीम ने परमेश्वरी गार्डन में फिल्मी गीतों पर हो रहे गरबों को रोका था।









