विक्रम नगर स्टेशन से कोठी पैलेस तक बदली सूरत

मंदिर के आसपास बना फोरलेन रोड

विश्वविद्यालय के क्वार्टर हटाए जून तक डामरीकरण
अक्षरविश्व न्यूज
उज्जैन। विक्रम नगर रेलवे स्टेशन के सामने से कोठी पैलेस तक फोरलेन बनाने का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। चौड़ीकरण की राह में आ रहे बड़े मंदिर को न हटाते हुए उसे रोड के बीच में रखा गया है। निगम अधिकारियों का दावा है कि जून तक फोरलेन पर डामरीकरण कर दिया जाएगा।
विक्रम नगर की सूरत जल्द बदलने वाली है। नगर निगम प्रशासन ने विक्रम नगर से कोठी पैलेस को जोडऩे वाली रोड को फोरलेन करने का काम तेज कर दिया है। इससे लोग विक्रम नगर से सीधे कोठी पैलेस और जिला सत्र न्यायालय तक पहुंच सकेंगे। निगम प्रशासन द्वारा दो हिस्सों में इस रोड का चौड़ीकरण किया जा रहा है। दूसरे फेस में कोठी पैलेस से विक्रम नगर तक फोरलेन से इसे जोड़ा जा रहा है। फोरलेन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी बाउंड्रीवाल पीछे कर ली है। फोरलेन की सीमा में आ रहे विश्वविद्यालय के स्टाफ क्वार्टर भी हटाने का काम शुरू कर दिया है। निगम की टीम ने मंगलवार को क्वार्टर हटाने की कार्रवाई की और शेष क्वार्टर हटाने का काम भी जल्दी किया जाएगा।
प्रशासनिक संकुल के पास बनेगी रोटरी
कोठी पैलेस के सामने प्रशासनिक संकुल के पास रोटरी बनाने की योजना है। इसका काम अभी अधर में है। हालांकि प्रशासन ने इसका काम पूरा करने का निर्देश दे दिया है लेकिन जमीन अधिग्रहण में आ रही बाधाओं के कारण इसका काम शुरू नहीं हो सका है।
सेंट्रल लाइटिंग से जगमग होने लगा फोरलेन
देवास रोड से कोठी पैलेस से पहले प्रशासनिक संकुल तक पहले चरण के तहत फोरलेन का काम पूरा हो चुका है। इसमें सेंट्रल लाइटिंग का काम भी तेजी से शुरू कर दिया गया है। रात के समय यह सेंट्रल लाइटिंग से भी यह जगमग हो रही है। रोटरी का काम पूरा होने पर देवास रोड से विक्रमनगर तक फोरलेन से कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी।









