श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुरक्षा ऑडिट के लिए पहुंची टीम

मंदिर का अंदर और बाहर से लिया जायजा एंट्री और एग्जिट की व्यवस्थाओं को देखा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को सुरक्षा ऑडिट हुआ। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर वर्ष 2024-25 के लिए यह ऑडिट किया गया। विशेष शाखा के झोनल पुलिस अधीक्षक आकाश भूरिया के नेतृत्व में टीम ने मंदिर के अंदर और बाहर निरीक्षण किया। इसके अलावा जिन स्थानों से दर्शनार्थियों को एंट्री मिलती है और दर्शन के बाद वे जहां से निकलते हैं, वह भी देखा। निरीक्षण के दौरान महाकाल मंदिर के सुरक्षा ओएसडी जयंत राठौर, महाकाल थाना टीआई गगन बादल, होमगार्ड प्लाटून कमांडर व सुरक्षा प्रभारी हेमलता पाटीदार और मंदिर समिति के सुरक्षा प्रभारी अनुराग चौबे भी उपस्थित थे।
दरअसल, 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में हर साल करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा पर्व, त्यौहारों एवं विशेष मौकों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। दर्शनार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ही हर साल सुरक्षा ऑडिट किया जाता है। 5 मई को मंदिर के फेसेलिटी सेंटर की छत स्थित पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के एयर कंट्रोलिंग सिस्टम की बैटरी में आग लग गई थी। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई थी लेकिन इसके बाद सुरक्षा का विशेष आंकलन किया जा रहा है। सुरक्षा ऑडिट की पूरी रिपोर्ट तैयार कर पुलिस मुख्यालय और कलेक्टर को सौंपी जाएगी।
अब ऑडिट रिपोर्ट तैयार की जाएगी
पीएचक्यू से टीम आई थी जिसने मंदिर का निरीक्षण किया है। अब ऑडिट रिपोर्ट तैयार की जाएगी। मूलचंद जूनवाल, सहायक प्रशासक, श्री महाकालेश्वर मंदिर










