सिद्धवट से अंगारेश्वर मार्ग तक बनने वाले ब्रिज की डिजाइन फाइनल होना शेष, फिर शुरू होगा निर्माण

14.56 करोड़ की लागत से बनेगा, ब्रिज बनने से होंगे कई फायदे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिद्धवट से अंगारेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर शिप्रा नदी पर पुल और श्री सांदीपनि आश्रम से आगर रोड के मकोडिय़ा आम नाका तक सड़क मार्ग का निर्माण इसी माह शुरू हो सकता है। इनके बनने से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगा। सिद्धवट से अंगारेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर शिप्रा नदी पर बनने वाले पुल की लागत 14 करोड़ 56 लाख रुपए, जबकि श्री सांदीपनि आश्रम से आगर रोड के मकोडिय़ाआम नाका तक सड़क का काम 19 करोड़ 58 लाख रुपए से होगा। सेतु शाखा के कार्यपालन यंत्री पीएस पंत ने बताया कि ब्रिज की डिजाइन का काम अभी फाइनल होना है जिसके बाद ही इसका काम शुरू हो सकेगा।
पुल बनने से यह होंगे फायदे
पुल बनने से कई फायदे भी होंगे। सिद्धवट से अंगारेश्वर मंदिर मार्ग तक पुल बनने से श्रद्धालुओं के आवागमन का समय बचेगा। पुल निर्माण के बाद दूरी महज 200 से 300 मीटर रह जाएगी। अभी एक से डेढ़ किमी घूमकर जाना पड़ता है। इसके अलावा मेले में भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी। सिंहस्थ के अलावा अन्य विशेष दिनों में भी इस पुल से सुविधा होगी। खासकर श्रावण और श्राद्ध पक्ष में। श्रद्धालुओं के अलावा यह ब्रिज क्षेत्र के व्यापारियों एवं किसानों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा।
सड़क बनने से सुगम होगा ट्रैफिक
श्री सांदीपनि आश्रम से आगर रोड के मकोडिय़ा आम नाका तक सड़क बनने से मंगलनाथ रोड से आगर रोड की कनेक्टिविटी होगी। सिंहस्थ में यातायात सुगम होगा और भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी। मेले के अलावा अन्य पर्व व त्योहारों के दिनों में भी इसका उपयोग हो सकेगा। श्रद्धालुओं के अलावा किसानोंके लिए भी यह नया मार्ग बेहद उपयोगी सिद्ध होगा।









