सिंहस्थ की सौगात: एक ब्रिज से चढ़ेंगे, दूसरे से उतरेंगे

फ्रीगंज ओवरब्रिज को टेंडर कमेटी की हरी झंडी

पहली बार सिंहस्थ के लिए सरकार बनाएगी 18 ब्रिज
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। फ्रीगंज में नया फोरलेन ओवरब्रिज बनाने के लिए प्रदेश स्तरीय टेंडर कमेटी की हरी झंडी मिल गई है। बारिश बाद काम तेजी से शुरू होगा। दूसरी ओर चिंतामन गणेश मंदिर मार्ग पर बन रहे नए ओवरब्रिज बनने पर एक ब्रिज से लोग चढ़ सकेंगे और दूसरे से उतर सकेंगे। इससेपर ट्रैफिक जाम के हालात नहीं बनेंगे।
सिंहस्थ 2028 के लिए इस बार शहर में 18 ब्रिज बनाने की योजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। सबसे पहले चिंतामन गणेश मंदिर मार्ग पर लालपुल ओवरब्रिज का काम शुरू कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ प्रफुल्ल जैन ने बताया नया ब्रिज बनने से यह फोरलेन हो जाएगा। एक तरफ से जाने का और दूसरी तरफ से उतरने का ब्रिज होगा। ब्रिज के बीच रोटरी भी बनाई जाएगी। जैन ने बताया बारिश से पहले फाउंडेशन का काम पूरा करने की कोशिश की जा रही है जिससे कि बाद का काम जारी रखा जा सके। यह ओवरब्रिज एक तरफ शहरी क्षेत्र में हरिफाटक ओवरब्रिज को जोड़ता है तो दूसरी तरफ चिंतामन गणेश मंदिर और मुरलीपुरा में बडऩगर रोड को।
फोरलेन ब्रिज बनने से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। पुराने फ्रीगंज ओवरब्रिज की जगह नया फोरलेन ब्रिज बनाने का टेंडर प्रदेश स्तरीय टेंडर कमेटी से अनुमोदित हो गया है। अब लोक निर्माण विभाग से इसकी औपचारिक स्वीकृति मिलना बाकी है। यह पत्र विभाग को मिलने पर ठेकेदार कंपनी के साथ एग्रीमेंट कर वर्क ऑर्डर जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अगर यह प्रक्रिया तेजी से हुई तो विभाग बारिश से पहले भी इसका काम शुरू करने की कोशिश कर रहा।
सिंहस्थ डिविजन एक्टिव होने का इंतजार… सिंहस्थ प्रोजेक्ट्स के लिए सिंहस्थ डिविजन स्थापित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं, लेकिन इनमें स्टाफ की नियुक्ति के साथ एक्टिव मोड पर लाने का इंतजार किया जा रहा, जिससे कि सिंहस्थ प्रोजेक्ट्स तेजी से आगे बढ़ाए जा सकें।
टेंडर प्रक्रिया में ब्रिज की यह योजनाएं…
नृसिंह घाट के समानांतर शिप्रा नदी पर पुल।
कर्जराज मंदिर से भूखीमाता मंदिर तक शिप्रा नदी पर ब्रिज।
इंदौर रोड पर त्रिवेणी हिल्स कॉलोनी के सामने से सिकंदरी गांव तक पुल।
अंगारेश्वर मंदिर से सिद्धवट तक पुल।
राणो जी की छतरी के सामने से रणजीत हनुमान मंदिर पर पुल।
गऊघाट से सावराखेड़ी ब्रिज तक पुल।
जीवाजी वेधशाला के आगे होटल सॉलिटेयर से शिप्रा पर पुल।
मोहनपुरा रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के समानांतर नया ब्रिज।









