मंदिर नहीं हटेगा, ऊपर से बनेगा फोरलेन ओवरब्रिज

ऊंचे पेड़ों को बचाने की कवायद डिजाइन में बदलाव पर भी मंथन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मक्सी रोड तरफ टू लेन ब्रांच सिर्फ उतरने के लिए बनेगी
उज्जैन। फ्रीगंज में नए फोरलेन ओवरब्रिज बनाने का काम तेज हो गया है। ब्रिज की राह में आ रहे एक मंदिर को बचाने का रास्ता ढूंढ लिया गया है। ब्रिज मंदिर के ऊपर से बनाया जाएगा। दो ऊंचे पेड़ों को बचाने की कवायद की जा रही है ताकि उन्हें उसी जगह रखकर ब्रिज बनाया जा सके। इसके लिए डिजाइन में बदलाव करने पर भी मंथन हो रहा है। जल्द ही पीडब्ल्यूडी ब्रिज के अधिकारी निरीक्षण कर संभावनाएं टटोलेंगे। इनको ट्रांसप्लांट करने पर भी विचार किया जा रहा।
71 करोड़ रुपए की लागत से मेहसाणा (गुजरात) की चेतन कंस्ट्रक्शन कंपनी ने नए ब्रिज का काम शुरू कर दिया है, लेकिन ऊंचे पेड़ों को लेकर नई अड़चन सामने आ गई है। वृक्ष मित्र सेवा समिति ने वृक्ष काटने का विरोध किया है। इस कारण इनको हटाए बिना ब्रिज बनाना मुश्किल है। पीडब्ल्यूडी के पास दो ही विकल्प हैं। एक यह कि ट्रांसप्लांट कर दिए जाएं और दूसरा यह कि ब्रिज की डिजाइन में कुछ संशोधन कर इनको उसी जगह रखा जाए।
इस पर विभाग ब्रिज की डिजाइन में संशोधन की संभावना तलाशने के लिए आज कवायद कर सकता है। हालांकि सूत्रों के अनुसार ब्रिज की डिजाइन में संशोधन संभव नहीं है, क्योंकि ये अलाइनमेंट में आ रहे हैं और ब्रिज के बीच हैं। कुष्ठ बस्ती के पास बने मंदिर को बचाने के लिए ब्रिज इसके ऊपर से ही बनाया जाएगा। मंदिर के पास दो पिलर आ रहे हैं। दूसरी ओर टॉवर साइड में नगर निगम ने शास्त्री उद्यान को साफ कर दिया है।
मक्सी रोड तरफ उतर सकेंगे वाहन, बीच में होगा गेप
नया फोरलेन ब्रिज चामुंडामाता मंदिर चौराहे के पास निगम के नगर वन से शुरू होगा। द्द दूसरी तरफ ग्रांड होटल के सामने (पुराने पेट्रोल पंप) तक बनेगा।
बीच में ब्रिज दो हिस्सों में बनेगा। बीच वाले हिस्से में आने और जाने वाली ब्रांच के बीच गेप होगा। द्द टॉवर की तरफ फोरलेन ही होगा लेकिन मक्सी रोड की तरफ जाने के लिए एक टू लेन ब्रांच होगी। यह वन वे रहेगी।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि जो निर्णय करें, वैसा होगा: फ्रीगंज ओवरब्रिज का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। 100 फीट ऊंचे पेड़ों को शिफ्ट (ट्रांसप्लांट) करने का प्रावधान है, जो अलाइनमेंट में आ रहे। प्रशासन और जनप्रतिनिधि जो निर्णय लेंगे, वैसा करेंगे।
पीएस पंत, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी










