ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, दंपत्ति और पांच साल की बेटी घायल हो गए
इंदौर-उन्हेल बायपास रोड पर शांतिवन ढाबे के पास हादसा, मान के कार्यक्रम से लौट रहे थे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदौर-उन्हेल बायपास रोड पर ट्रक चालक ने मान के कार्यक्रम से घर लौट रहे बाइक सवार दंपत्ति और उनकी पांच साल की बेटी को टक्कर मार दी जिससे तीनों घायल हो गए। मामले में भैरवगढ़ पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि संजय पिता रमेश जोगचंद (३०) निवासी रामगढ़, अपनी पत्नी अर्चना (२८) और ५ साल की बेटी किंजल के साथ सोमवार को मान के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राघौपिपल्या गए थे। वहां से तीनों दोपहर करीब ३.३० बजे वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान इंदौर-उन्हेल बायपास पर शांतिवन ढाबे के पास उनकी बाइक को ट्रक क्रमांक आरजे ११ जीसी ९७१५ के चालक ने तेजी से चलाते हुए टक्कर मार दी जिससे तीनों घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल संजय ने बताया कि वह बिजली कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी हैं। मामले में भैरवगढ़ पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी ट्रक चालक फरार है।









