15 को उत्तर में सप्लाई नहीं होगा पेयजल

गर्मी के कारण व्यवस्था में बदलाव की तैयारी, एक दिन छोडक़र मिलेगा पानी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गर्मी के तेवर तीखे होने के साथ ही नगर निगम पीएचई द्वारा 15 अप्रैल से एक दिन छोडक़र शहर में पानी सप्लाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। तय किया गया है कि पहले दिन यानी 15 अप्रैल को उज्जैन उत्तर क्षेत्र में पेयजल प्रदाय नहीं किया जाएगा। इस दिन केवल दक्षिण क्षेत्र में पेयजल प्रदाय किया जाएगा।
शहर में पीने के पानी का संकट न हो, इसके लिए एक दिन छोडक़र पेयजल।प्रदाय करने का निर्णय नगर निगम द्वारा लिया गया है। गंभीर डेम में पानी का स्टोरेज तेजी से कम हो रहा है। इस कारण 15 अप्रैल से एक दिन छोडक़र पेयजल।प्रदाय करने का निर्णय लिया जा चुका है। सोमवार को उज्जैन उत्तर और दक्षिण क्षेत्र में एक साथ पेयजल आखिरी बार किया जाएगा। मंगलवार को केवल उज्जैन दक्षिण क्षेत्र में पेयजल प्रदाय किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार पीएचई के कार्यपालन यंत्री केदारसिंह खत्री ने इस सिलसिले में निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अनुसार तैयारी शुरू कर दी गई है।
उत्तर के इन क्षेत्रों में दक्षिण के साथ मिलेगा पानी
उज्जैन दक्षिण के साथ उत्तर के पांच वार्डों में भी पानी सप्लाई किया जाएगा। ये वार्ड हैं 2,3,4,5 और 6 में इस बार भी दक्षिण के साथ पानी मिलेगा। यानी 15 अप्रैल को इन क्षेत्रों में भी पेयजल सप्लाई किया जाएगा। दरअसल, इन वार्डों के कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जो ऊंचाई पर अधिक है। इस कारण फ्रीगंज क्षेत्र के साथ इन क्षेत्रों में पानी आसानी से पहुंच जाता है। गढक़ालिका, भैरवगढ़, पटेलनगर जैसे क्षेत्रों में दक्षिण क्षेत्र के साथ ही पानी प्रदाय किया जाएगा।









