त्योहारी सीजन के लिए उधना-बलिया स्पेशल ट्रेन चलेगी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। त्योहारी सीजन को देखते हुए यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल से होकर उधना और बलिया के बीच एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
गाड़ी संख्या 09041 उधना-बलिया स्पेशल 25 सितंबर से 9 अक्टूबर तक हर गुरुवार को चलेगी। उधना से गुरुवार सुबह 6.40 बजे रवाना होगी और शुक्रवार रात 8.15 बजे बलिया पहुंचेगी। मध्य प्रदेश में दाहोद 12.12 बजे, रतलाम 13.35, नागदा 14.38, उज्जैन 15.55 और शुजालपुर स्टेशन पर 17.58 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 09042 बलिया-उधना स्पेशल 26 सितंबर से 10 अक्टूबर तक हर शुक्रवार को चलेगी। बलिया से शुक्रवार रात 11.30 बजे रवाना होगी और रविवार दोपहर 12.45 बजे उधना पहुंचेगी। मध्य प्रदेश में शुजालपुर स्टेशन पर रविवार रात 1.27 बजे, उज्जैन सुबह 3.40 बजे, नागदा सुबह 4.40 बजे, रतलाम सुबह 5.20 बजे और दाहोद सुबह 7.01 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में 14 थर्ड एसी कोच होंगे और यह सूरत, वडोदरा, रतलाम, उज्जैन, शुजालपुर, संत हिरदाराम नगर, बीना, झांसी और वाराणसी सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी। टिकटों की बुकिंग 17 सितंबर से शुरू होगी।
उधना-मऊ स्पेशल अब सूरत से चलेगी
रतलाम मंडल से गुजरने वाली ट्रेन मऊ-उधना-मऊ स्पेशल के संचालन में बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन उधना के बजाय सूरत रेलवे स्टेशन से शुरू और खत्म होगी। ट्रेन नंबर 05017 मऊ-उधना स्पेशल सूरत रेलवे स्टेशन पर दोपहर 12.15 बजे पहुंचेगी और वहीं अपनी यात्रा समाप्त करेगी। ट्रेन नंबर 05018 उधना-मऊ स्पेशल ट्रेन उधना के बजाय सूरत रेलवे स्टेशन से दोपहर 3.05 बजे रवाना होगी। यह बदलाव परिचालन संबंधी कारणों से किया गया है ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।









