भगवान महाकाल के सामने ताज पहनना मिस इंडिया को भारी पड़ा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मिस इंडिया का ताज निकिता के लिए उज्जैन में भारी पड़ गया। ताज पहनकर ही वह महाकालेश्वर मंदिर पहुंच गईं। एक पुजारी ने बाबा को अर्पित माला पहनाकर उनका स्वागत किया, वहीं दूसरे पुजारी ने बवाल मचा दिया। कुछ ही लम्हों में ताज के विरोध की खबर देशभर में वायरल हो गई।

पुजारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश पुजारी ने यह कहकर विरोध जताया कि बाबा महाकाल उज्जैन के राजा हैं। उनके सामने किसी का ताज नहीं टिकता। यहां बड़े-बड़े अफसर, राजनेता और अभिनेता आते हैं, कोई सिर पर टोपी भी नहीं पहनता। सभी मंदिर की मर्यादा का ख्याल रखते हैं।
मिस इंडिया निकिता पोरवाल ने मंदिर की मर्यादा को ठेस पहुंचाई है। चूंकि, वह उज्जैन की बेटी है पुजारी होने के नाते हम उसे आशीर्वाद देते हैं लेकिन यह सबक वह हमेशा याद रखे कि ताज पहनकर किसी मंदिर में ना जाए। जिस परमपिता परमेश्वर ने ताज दिया है, उसके सामने ताज पहनकर जाना हमारी संस्कृति के खिलाफ है।









