बैंक में 1.90 लाख की चोरी, झोला काटकर महिलाएं ले उड़ी रुपए

इंदिरा नगर की बीओआई मेें रिटायर्ड लैब टेक्निशियन के साथ घटना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंदिरा नगर की बैंक ऑफ इंडिया में गुरुवार दोपहर रिटायर्ड लैब टेक्निशियन के साथ चोरी की वारदात हो गई। वे रुपए जमा करने के लिए फॉर्म भर रहे थे तभी दो महिलाओं ने उनका बैग काटकर उसमें से १.९० लाख रुपए उड़ा दिए और फरार हो गई।
इंदिरानगर में रहने वाले 85 वर्षीय नारायणदास बैरागी के साथ यह घटना हुई है। दोपहर को जब वे रुपए जमा करने गए थे तब भीड़ अधिक थी। इसी बीच महिलाओं ने मौके का फायदा उठाया। बैरागी ने घटना के बारे में तुरंत बैंक कर्मचारियों को बताया और चिमनगंज पुलिस को बुलाया। पुलिस ने घटना के सीसीटीवी फुटेज निकाले हैं, जिसमें दो महिलाएं वारदात को अंजाम देती पाई गई हैं। बैरागी ने पुलिस को बताया कि वे पेंशनर्स हैं। पिछले दिनों उन्होंने अपने परिचित को रुपए दिए थे। उनके लौटाए रुपए वे बैंक में जमा करने गए थे। टीआई गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश की जा रही है। जल्दी ही वे पकड़ी जाएंगी।
एक महीने पहले एटीएम में दो घटनाओं का अभी तक सुराग नहीं
चिमनगंज थाना क्षेत्र के ही एसबीआई के एटीएम में पिछले महीने 28अगस्त को एक बुजुर्ग छगनलाल पिता नानूराम राठौर निवासी संजय नगर के साथ एटीएम कार्ड बदलने की घटना हुई थी। पिन बदलने वे अपनी पोती के साथ यहां आए थे तभी बदमाशों ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और ५० हजार रुपए निकाल लिए थे। दूसरी घटना में इसी एटीएम बूथ पर, बदमाश ने उमा राठौर नाम की एक महिला को निशाना बनाया। उनका बच्चा अस्पताल में भर्ती था और वह पैसे निकालने गई थीं।
वहां खड़े युवक ने उन्हें बताया कि मशीन खराब है। जब महिला ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो बदमाश ने उनका पिन देख लिया और मदद का नाटक करते हुए एटीएम कार्ड बदल दिया। महिला जब अस्पताल पहुंची तो उनके खाते से 38 हजार रुपए निकलने का मैसेज आया। उन्होंने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई। दोनों घटनाओं के बाद, पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक ही बदमाश दोनों वारदातों को अंजाम देता हुआ दिखाई दे रहा है। टीआई पचौरिया का कहना है कि फुटेज साफ नहीं होने के कारण आरोपी पकड़ा नहीं जा सका है।









