ये इश्क है…भावी समधी-समधन को हुआ प्यार, सगाई से पहले दोनों फरार

थाने में साथ रहने पर अड़ी, फिर प्रेमी के साथ गई

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कहते हैं प्यार कभी भी हो सकता है, इसके लिए ना उम्र की सीमा होती है और ना ही कोई बंधन। ऐसा ही कुछ हुआ उज्जैन जिले की बडऩगर तहसील में, जहां दो परिवारों के बीच बच्चों के विवाह की बात चल रही थी लेकिन इसी दौरान लड़के की मां को लड़की के पिता से प्यार हो गया जिसके बाद दोनों घर से फरार हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक ऊंटवासा की रहने वाली 45 वर्षीय महिला 8 दिन से घर से लापता था। परिजनों ने कई जगह उसे तलाशा लेकिन कुछ पता नहीं चला जिसके बाद महिला के बेटे ने बडऩगर थाने में मां की गुमशुदगी दर्ज करवाई। पुलिस महिला को तलाश कर रही थी, इसी दौरान गुरुवार को महिला ग्राम चिकली में मिली। महिला से पूछताछ करने पर पता चला कि उसका बड़ा बेटे की शादी चिकली के रहने वाले 50 वर्षीय किसान की बेटी से तय हुई थी। दोनों की सगाई की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच दूल्हे की मां और दुल्हन के पिता को एक-दूसरे से इश्क हो गया। इसके बाद बच्चों की सगाई होने से पहले ही दोनों समधी-समधन घर से भाग निकले। अब दोनों अधेड़ साथ में रहने पर अड़े हैं। महिला ने थाने में भी घर लौटने से इंकार कर दिया और अपने प्रेमी समधी के साथ चिकली गांव चली गई।
पति ने पत्नी के ऊपर छोड़ा था फैसला : बडऩगर थाने के एएसआई सुनील देवके ने बताया कि महिला का पति जीवित है, जबकि उसके समधी की पत्नी का निधन हो चुका है। दोनों के ही दो-दो बच्चे हैं। महिला के पति ने निर्णय अपनी पत्नी पर छोड़ा था कि वह किसके साथ रहना चाहती है। जिसके बाद महिला अपने प्रेमी समधी के साथ चली गई। हालांकि, दोनों का यह व्यक्तिगत मामला है इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।








