अमेरिका का ईरानी युद्धपोत पर हमला

खाड़ी में जंग के 100 घंटे पूरे, अब तक 1000 से ज्यादा लोग मारे गए, ईरान के 20 जहाज डुबाए
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
श्रीलंका के पास हुए हमले में 87 ईरानी नौसैनिक मारे गए
तेल अवीव/तेहरान। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के 100 घंटे पूरे हो गए हैं। अब तक इस जंग में 1 हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं। वहीं, इजराइल-अमेरिका में मिलकर 20 ईरानी जहाज डुबो दिए हैं। इसमें ईरानी नौसेना का वह जहाज भी शािमल है, जो भारत से युद्ध अभ्यास के बाद ईरान लौट रहा था। श्रीलंका के पास पनडुब्बी से उस पर हमला बोला गया। हादसे में ईरान के 87 नौसैनिकों की मौत हो गई है। इतने ही लापता हैं। जहाज पर 180 नौसैनिक थे।
इधर, ईरान ने पलटवार करते हुए मिडिल ईस्ट के 9 देशों में बने अमेरिकी बेस पर हमला किया है। इस बीच इजराइल ने लेबनान के त्रिपोली शहर में स्थित फिलिस्तीनी शरणार्थी कैंप पर हमला बोला। इस बीच ईरान ने इजराइल को कड़ी चेतावनी दी है। एक ईरानी सैन्य अधिकारी ने कहा कि अगर अमेरिका और इजराइल, ईरान में सत्ता परिवर्तन की कोशिश करते हैं, तो ईरान इजराइल के डिमोना न्यूक्लियर सेंटर को निशाना बना सकता है।
ईरानी न्यूज एजेंसी आईएसएनए के मुताबिक, अधिकारी ने कहा कि ऐसी किसी भी कार्रवाई की स्थिति में दक्षिणी इजराइल में स्थित इस परमाणु केंद्र पर हमला किया जा सकता है। तब स्थिति विकट होने की संभावना है।
दुबई में 5 दिन से फंसे यात्री वापस लौटने लगे
दुबई में फंसे यात्रियों की घर वापसी शुरू हो गई है। आयरलैंड, बुल्गारिया और ऑस्ट्रेलिया सहित कई स्थानों पर उड़ानें शुरू हो गई हैं। दुबई एयरपोर्ट्स ने सीमित संख्या में उड़ानें फिर से शुरू कर दीं, जिसमें पहले से बुकिंग कराने वालों को प्राथमिकता दी गई। यहां से फ्लाइट भारत के लिए भी चलने लगी हैं।
जहाज को टॉरपीडो से निशाना बनाकर डुबोया
अमेरिका ने भारत से लौट रहे एक ईरानी युद्धपोत आईआरआईएस देना को श्रीलंका के पास हमला कर डुबा दिया है। हमले में अब तक 87 ईरानी नौसैनिक मारे गए हैं। जानकारी श्रीलंकाई सरकार ने दी है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बताया कि हिंद महासागर में अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरानी जहाज को टॉरपीडो से निशाना बनाकर डुबा दिया। श्रीलंका की नेवी ने 32 घायल नौसैनिकों का रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। जहाज पर लगभग 180 नौसैनिक सवार थे। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। यह ईरानी युद्धपोत पिछले महीने भारत के विशाखापट्टनम में आयोजित 2026 इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू में हिस्सा लेकर लौट रहा था। श्रीलंकाई अधिकारियों ने अल जजीरा को बताया कि जहाज से मदद के लिए मैसेज भेजा गया था।
ईरान का मिसाइल लॉन्चर तबाह किया
इजराइल की सेना ने कहा है कि उसने ईरान के कोम शहर में एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर को हमला करके तबाह कर दिया। यह लॉन्चर इजराइल पर हमला करने की तैयारी में था। इजराइली सेना के प्रवक्ता अवीचाय अदरई ने बताया कि इजराइल की वायुसेना ने इस्फहान शहर में एक एयर डिफेंस सिस्टम को भी खत्म कर दिया।
ईरान के बेस पर हमले का सैटेलाइट फुटेज जारी
नई सैटेलाइट तस्वीरों में उत्तर ईरान के कर्मानशाह मिसाइल बेस को हुए नुकसान का पता चला है। तस्वीरों के मुताबिक, हमलों में बेस की ज्यादातर इमारतें टूट गई हैं। वहीं जमीन के नीचे बने हिस्सों में जाने वाले रास्ते भी डैमेज हो गए हैं।










